उत्तरप्रदेश
लखनऊ/स्वराज टुडे: ऑटो चालक ने दुकान से घर लौट रही व्यवसायी की पत्नी से दोस्त के साथ मिलकर छेड़छाड़ की। विरोध पर गला दबा दिया। महिला शोर मचाने लगी तो आरोपितों ने मारपीट करते हुए चलते ऑटो से फेंक दिया, जिससे वह सड़क पर लगभग 20 मीटर तक लुढ़कती गईं। घटना में उनको गंभीर चोटें आईं।
पति की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने एक आरोपित को दिन में गिरफ्तार किया। वहीं, चेकिंग के दौरान देर रात मुख्य आरोपित को भी कुकरैल बंधा स्थित मजार के पास से मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना में इस्तेमाल ऑटो मिला है। गोमती नगर निवासी व्यवसायी ने गाजीपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि जानकीपुरम में उनकी दुकान है। शनिवार रात नौ बजे उनकी पत्नी दुकान बंद कर ऑटो से घर जा रही थीं। ऑटो में चालक के अलावा पिछली सीट पर एक अज्ञात युवक बैठा था।
ऑटो रिंग रोड ओवरब्रिज पर पहुंचा तो पीछे बैठे युवक ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। पत्नी ने विरोध किया तो मारपीट करते हुए उनका गला दबाने लगे। बचाव का प्रयास करने पर दोनों आरोपितों ने इंदिरा नगर सेक्टर 25 में चलते ऑटो से धक्का दे दिया, जिससे वह 20 मीटर तक लुढ़कती गईं। राहगीरों ने भर्ती कराया। लोगों ने ऑटो को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बदमाश फरार हो गए।
उन्होंने शनिवार देर रात गाजीपुर थाने में अज्ञात ऑटो चालक और उसके दोस्त के खिलाफ हत्या का प्रयास, छेड़छाड़ और मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज कराया। सहायक पुलिस आयुक्त गाजीपुर ए. विक्रम सिंह ने बताया कि सीसी फुटेज की मदद से एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है।
उसकी पहचान मड़ियांव के पलटन छावनी निवासी सुमित कश्यप के रूप में हुई है। ऑटो में पीछे वही था। पूछताछ में उसने दूसरे आरोपित के बारे में जानकारी दी। देर रात कुकरैल बंधा रोड स्थित मजार के पास से मुठभेड़ में पुलिस ने मुख्य आरोपित सीतापुर निवासी सनी कश्यप को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि आरोपित शक्ति नगर ढाल की तरफ ऑटो से जा रहा था। टीम ने संदिग्ध दिखने पर ऑटो चालक को रुकने का इशारा किया तो उसने ऑटो डिवाइडर से टकरा दिया। भागते समय आरोपित ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसके दायें पैर पर गोली लगी।
आरोपित की पहचान सीतापुर के गुड़ियन टोला निवासी सनी कश्यप के रूप में हुई है। वह मड़ियांव में पलटन छावनी स्थित प्रधान आटा चक्की वाली गली में रहता था। उसी के ऑटो से घटना की गई थी।
पुलिस ने आरोपित के पास से असलहा, कारतूस और घटना में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया है। सनी के खिलाफ सीतापुर में 2024 में दुष्कर्म और पाक्सो की धारा में मुकदमा दर्ज हुआ था।
पूर्व में भी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं ऑटो चालक
● आठ अगस्त 2024- चिनहट के शिवपुरी में ऑटो सवार बदमाशों ने असलहे के बल पर अल्पसंख्यक विभाग के कर्मी को लूटा।
● 24 अक्टूबर 2024- रायबरेली रोड ऑटो सवार बदमाशों ने असिस्टेंट प्रोफेसर को पीटकर चेन और नकदी लूटी।
● 10 नवंबर 2024- रोडवेज बस से कानपुर जा रही अयोध्या निवासी महिला से रुपयों भरा पर्स चोरी किया।
● 20 मई 2025- चारबाग से मवैया जाते समय ई-रिक्शा सवार से बदमाशों ने छीने रुपये।
● 19 मार्च 2025- अयोध्या निवासी महिला का आलमबाग बस अड्डे से अपहरण कर ऑटो चालक ने मलिहाबाद में किया दुष्कर्म, हत्या।
● 24 मार्च 2025- गोरखपुर निवासी युवक से लूटपाट के बाद की गई हत्या।
● 31 मई 2026- निगोहां निवासी युवती से ऑटो चालक ने रिश्तेदार के साथ मिलकर किया दुष्कर्म, जंगल में फेंका।
● 31 मई 2026- ऑटो सवार युवती से छेड़छाड़ कर विकास नगर इलाके में चलती ऑटो से फेंका।
ठंडे बस्ते में गया प्रोजेक्ट सेफ राइड
मलिहाबाद में महिला से दुष्कर्म और ऑटो चालक से हुई हत्या के बाद लखनऊ पुलिस ने प्रोजेक्ट सेफ राइड अभियान शुरू किया। लक्ष्य था कि इसमें सभी ऑटो, टैक्सी और ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन किया जाएगा। उन्हें एक क्यूआर कोड दिया जाएगा जो वाहन में चस्पा करना होगा। कई बार इस अभियान की मियाद बढ़ाई गई। लगभग एक साल बाद भी यह अभियान परवान नहीं चढ़ पाया। न तो ऑटो चालकों का सत्यापन हुआ और न घटनाएं थमी।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में सरकारी नौकरी के लिए सुनहरा अवसर, आवेदन की अंतिम तिथि 26 जून 2026
यह भी पढ़ें: पति बेराजगारी का बहाना बनाकर बच नहीं सकता. कोर्ट का भरण-पोषण खर्च देने का आदेश

Editor in Chief





