हिमाचल प्रदेश
शिमला/स्वराज टुडे: अक्सर छात्र परीक्षा के तनाव या सिलेबस के बोझ से थककर यह मान बैठते हैं कि पढ़ाई का एक तय समय होता है और उम्र बढ़ने के साथ सीखने की रफ्तार धीमी पड़ जाती है। लेकिन हिमाचल प्रदेश के शिमला से जुड़े अनिल डोगरा ने 73 वर्ष की उम्र में MA की परीक्षा देकर इस सोच को पूरी तरह बदल दिया है।
किताब से सच्ची मित्रता
जीवन के जिस पड़ाव पर ज्यादातर लोग आराम की तलाश करते हैं, उस उम्र में अनिल कुमार डोगरा ने किताबों से अपनी दोस्ती को और गहरा कर यह साबित कर दिया है कि सीखने और सपने पूरे करने की कोई उम्र नहीं होती।
पीडब्ल्यूडी विभाग के रिटायर्ड अधिकारी हैं अनिल कुमार डोगरा
लोक निर्माण विभाग (PWD) से सुपरिटेंडेंट के पद से रिटायर हो चुके अनिल कुमार डोगरा इन दिनों इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) से हिंदू स्टडीज में एमए (MA) की परीक्षा दे रहे हैं। उनकी यह कहानी केवल पढ़ाई के प्रति उनके जुनून की ही नहीं, बल्कि एक पिता के सबसे बड़े त्याग और अटूट इच्छाशक्ति की भी अनूठी मिसाल है।
पहले से हैं दो मास्टर्स डिग्रियां, फिर भी जारी है ज्ञान की तलाश
अनिल कुमार डोगरा के पढ़ाई का सफर बेहद शानदार रहा है। उनके पास पहले से ही पंजाब यूनिवर्सिटी से दो मास्टर्स डिग्रियां मौजूद हैं। सरकारी सेवा से रिटायर होने के बाद भी उनके भीतर कुछ नया जानने और पढ़ने की ललक कभी कम नहीं हुई। इसी जुनून को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने वर्ष 2023 में इग्नू के माध्यम से हिंदू स्टडीज विषय में एमए करने के लिए दाखिला लिया।
बेटी को किडनी दान कर बचाई जान, दो साल बाद फिर थामी किताबें
अनिल कुमार डोगरा की पढ़ाई का यह सफर आसान नहीं रहा, बल्कि कई कठिन संघर्षों से होकर गुजरा है। एमए में दाखिला लेने के कुछ समय बाद उनके परिवार पर एक बड़ा स्वास्थ्य संकट आ खड़ा हुआ। अपनी बेटी की जान बचाने के लिए उन्होंने बिना किसी हिचक के अपनी एक किडनी दे दी।
किडनी ट्रांसप्लांट और उसके बाद स्वास्थ्य में सुधार की लंबी प्रक्रिया के कारण करीब दो साल तक उनकी पढ़ाई पूरी तरह बाधित रही। आम तौर पर ऐसी परिस्थितियों में कोई भी व्यक्ति पढ़ाई छोड़ देता, लेकिन मजबूत इच्छाशक्ति के धनी डोगरा ने हार नहीं मानी। जैसे ही उनका स्वास्थ्य बेहतर हुआ, उन्होंने दोबारा अपनी किताबें उठाईं और परीक्षा की तैयारी में जुट गए।
51 साल बाद अपने ही पुराने कॉलेज में दिया इम्तिहान
इस परीक्षा के दौरान अनिल कुमार डोगरा के जीवन में एक बेहद भावुक और यादगार पल भी आया। उन्हें धर्मशाला के उसी राजकीय महाविद्यालय में परीक्षा केंद्र मिला, जहां से उन्होंने कभी अपनी युवावस्था में पढ़ाई की थी। पूरे 51 साल बाद अपने पुराने कॉलेज की कक्षा में बैठकर एक छात्र की तरह परीक्षा देना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा अनुभव रहा। आज परीक्षा हॉल में युवा छात्रों के साथ बैठकर पेपर लिखते अनिल कुमार डोगरा हर उस छात्र के लिए जीती-जागती प्रेरणा हैं, जो जीवन की चुनौतियों के आगे हार मान लेते हैं।
यह भी पढ़ें: Korba: चेक बाउंस मामलों में कानून की अनदेखी करने वालों को न्यायालय का स्पष्ट संदेश, 6 माह का सश्रम कारावास
यह भी पढ़ें: रायपुर में PM आवास योजना के तहत 1112 मकानों का होगा आवंटन, आवेदन शुरू, ऐसे करें अप्लाई
यह भी पढ़ें: Bilaspur: सुने मकान में महिला को अकेली देखकर घर में घुसकर बुरी नीयत से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Editor in Chief





















