* सात दिन में बदले सियासी समीकरण, क्या मध्यप्रदेश में है नेतृत्व परिवर्तन की तैयारी?
* मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विदेश दौरा रद्द, डीजीपी को एक्सटेंशन, पुलिस भर्ती प्रक्रिया रद्द, आखिर चल क्या रहा है प्रदेश में?
भोपाल/स्वराज टुडे: मध्यप्रदेश के सियासी गलियारों में इन दिनों कई घटनाक्रम एक साथ चर्चा का विषय बने हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विदेश दौरा अचानक रद्द होना, भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी का प्रदेश दौरा और पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा को तीन महीने का सेवा विस्तार मिलना, पुलिस भर्ती प्रक्रिया अचानक से रद्द होना। इन घटनाओं ने राजनीतिक अटकलों को हवा दे दी है। बीते कुछ दिनों में सामने आए इन घटनाक्रमों को लेकर सत्ता और संगठन के भीतर चल रही हलचल पर सवाल उठने लगे हैं। क्या यह सामान्य प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियां हैं या फिर इनके पीछे कोई बड़ा संगठनात्मक संदेश छिपा है? राजनीतिक जानकारों के बीच सबसे अधिक चर्चा इस बात की है कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व मध्यप्रदेश में सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल चाहता है। प्रदेश में सरकार की कमान डॉ. मोहन यादव के हाथों में है, जबकि संगठन की अपनी अलग जिम्मेदारियां और राजनीतिक प्राथमिकताएं हैं। भाजपा जैसी अनुशासित पार्टी में सरकार और संगठन के बीच समन्वय को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में यदि दोनों के बीच संवाद और तालमेल को लेकर सवाल उठते हैं, तो उसका असर केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि प्रशासनिक फैसलों और चुनावी तैयारियों पर भी दिखाई देता है।
सरकार और संगठन के बीच तालमेल की चुनौती
मंत्रालय और राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा है कि प्रदेश के कुछ स्थानीय नेताओं और सरकार के बीच अपेक्षित समन्वय नहीं बन पा रहा है। कुछ मंत्री अपनी राजनीतिक भूमिका और प्रशासनिक अधिकारों को लेकर असहज महसूस कर रहे हैं, तो कुछ स्थानीय नेताओं की शिकायत है कि उनकी बातों और क्षेत्रीय समस्याओं को पर्याप्त महत्व नहीं मिल रहा। भाजपा की राजनीति में इस तरह की अटकलें भी संगठनात्मक समीकरणों को चर्चा के केंद्र में ले आती हैं। मुख्यमंत्री के सामने सबसे बड़ी चुनौती केवल सरकार चलाने की नहीं, बल्कि पार्टी के सभी प्रमुख नेताओं को साथ लेकर चलने की भी है। किसी भी मुख्यमंत्री की राजनीतिक सफलता इस बात से भी तय होती है कि वह अपने मंत्रिमंडल, विधायकों, संगठन के पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच कितना भरोसा कायम कर पाते हैं। लेकिन मोहन यादव अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच में तालमेल नहीं जमा पा रहे हैं।
संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी के दौरे के मायने
भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब का प्रदेश दौरा भी इसी राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में देखा जा रहा है। संगठन के राष्ट्रीय और केंद्रीय स्तर के नेता जब किसी प्रदेश का दौरा करते हैं, तो वे केवल औपचारिक बैठकों तक सीमित नहीं रहते। वे प्रदेश के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन की वास्तविक स्थिति का आकलन भी करते हैं। ऐसे दौरों में सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, स्थानीय स्तर पर नेताओं के बीच समन्वय और आगामी चुनावों की तैयारियों जैसे विषयों पर चर्चा हो सकती है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल इस समय प्रदेश में संगठन की मजबूत कड़ी के रूप में उभरे हैं। उनके कार्यकाल में संगठन को ताकत मिल रही है। साथ ही संगठन के कामकाज से केन्द्रीय नेतृत्व भी प्रसन्न है।
डीजीपी के सेवा विस्तार ने बढ़ाई चर्चाएं
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा को तीन महीने का सेवा विस्तार दिए जाने की खबर ने भी राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा को जन्म दिया है। पुलिस विभाग राज्य की कानून-व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। डीजीपी के कार्यकाल से जुड़े फैसले प्रशासनिक निरंतरता, विभागीय प्राथमिकताओं और सरकार की अपेक्षाओं में देखे जाते हैं। सूत्रों के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर प्रदेश में कैलाश मकवाणा को सेवा विस्तार देते हुए राज्य में कानून व्यवस्था को दूरस्थ करने की जिम्मेदारी सौंपी है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि यही नहीं अमित शाह ने मकवाना को फ्री हैंड दिया है और गृह विभाग में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को दखलंदाजी करने की मनाही की गई है। यह नहीं पुलिस विभाग के नाम पर एक कथित गुमनाम सीडी को लेकर अमित शाह खासे नाराज हैं। सूत्रों के हवाले से खबर है कि यह सीडी पुलिस विभाग के द्वरा भेजी गई है। इस सीडी की वास्तविकता, उसकी सामग्री और मुख्यमंत्री से किसी कथित संबंध के बारे में मैं जल्द नई जानकारी सामने लाकर अपनी पोस्ट में लिखूंगी।
(विजया पाठक की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें: भाजपा जिला कोरबा ने संविधान गौरव दिवस पर किया बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के योगदान का स्मरण
यह भी पढ़ें: बस्ती में 11वीं के छात्र को लेकर फरार हुई टीचर, अपहरण और पॉक्सो में केस दर्ज, लखनऊ में मिले दोनों

Editor in Chief





















