न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती सोनी तिवारी के निर्णय से समाज में कानून के प्रति सम्मान और कानून का भय स्थापित होगा – वरिष्ठ अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह
कोरबा/स्वराज टुडे: चेक अनादरण (चेक बाउंस) के एक प्रकरण में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कोरबा श्रीमती सोनी तिवारी ने महत्वपूर्ण निर्णय पारित करते हुए अभियुक्त राकेश कुमार जैन को परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 138 के अंतर्गत दोषसिद्ध ठहराते हुए 6 माह के सश्रम कारावास से दंडित किया है। साथ ही न्यायालय ने परिवादी पंजाब नेशनल बैंक को 4,72,720 रुपये प्रतिकर के रूप में एक माह के भीतर अदा करने का आदेश दिया है। निर्धारित अवधि में प्रतिकर राशि जमा नहीं करने पर एक माह के अतिरिक्त साधारण कारावास का भी आदेश दिया गया है।
इस प्रकरण में पंजाब नेशनल बैंक की ओर से पैरवी वरिष्ठ अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह द्वारा की गई।
इस निर्णय पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने कहा कि चेक जारी करना केवल एक सामान्य औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह वित्तीय दायित्व और भुगतान के आश्वासन से जुड़ा हुआ है। जब कोई व्यक्ति अपने खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने की जानकारी के बावजूद चेक जारी करता है और उसके अनादरण के बाद भी वैधानिक दायित्व का निर्वहन नहीं करता, तो इससे न केवल संबंधित पक्ष को आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि बैंकिंग व्यवस्था के प्रति आम नागरिकों के विश्वास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने कहा कि न्यायालय द्वारा कानून के अनुरूप दिया गया ऐसा निर्णय समाज में कानून के प्रति सम्मान और कानून का भय, दोनों स्थापित करने का संदेश देता है। इससे लोगों को यह समझने में मदद मिलेगी कि आर्थिक लेन-देन में किए गए वादों और वैधानिक दायित्वों की अनदेखी को हल्के में नहीं लिया जा सकता। कानून सभी के लिए समान है और कानून का उल्लंघन करने पर न्यायिक प्रक्रिया के तहत दंड का सामना करना पड़ सकता है।
वरिष्ठ अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने कहा कि चेक बाउंस से संबंधित मामलों में परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 का उद्देश्य चेक के माध्यम से होने वाले वित्तीय लेन-देन में विश्वसनीयता बनाए रखना तथा भुगतान प्राप्त करने वाले व्यक्ति या संस्था के अधिकारों की रक्षा करना है।
उन्होंने कहा कि न्यायपालिका द्वारा विधि के प्रावधानों के अनुरूप किए जाने वाले ऐसे निर्णय न्याय व्यवस्था में आम नागरिकों के विश्वास को मजबूत करते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को वित्तीय लेन-देन करते समय अपनी कानूनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से पालन करना चाहिए।
यह भी पढ़ें: इस छोटे से गांव में बनती है कैन्सर की चमत्कारी दवा, रोज़ाना देश-विदेश से आते हैं हज़ारों रोगी !
यह भी पढ़ें: New Delhi: बिसलेरी के पानी का सैंपल जांच में फेल, FSSAI ने कंपनी पर मुकदमा चलाने की दी मंजूरी
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों की बेटियों पर संकट, दस महीने में 84 अपहरण और जबरन निकाह के मामले आए सामने

Editor in Chief





















