छत्तीसगढ़
बिलासपुर/स्वराज टुडे: स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बिलासपुर पुलिस द्वारा आज 11 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ पुलिस ग्राउंड, बिलासपुर से हुआ। यात्रा में पुलिस बैंड की मधुर एवं जोशीली धुनों में – सारे जहां से अच्छा , वंदे मातरम, मेरी देश की धरती,जैसे गीतों के साथ विशाल तिरंगा लेकर पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों, NCC, NSS, रेडक्रॉस तथा स्काउट एंड गाइड के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला दण्डाधिकारी श्री संजय अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री रामगोपाल करियारे, रक्षित निरीक्षक श्री भूपेन्द्र कुमार गुप्ता सहित पुलिस विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
तिरंगा यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” एवं राष्ट्रभक्ति के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत रहा। यात्रा में शामिल प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशप्रेम का संदेश दिया। बिलासपुर पुलिस द्वारा आयोजित यह तिरंगा यात्रा नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध एवं राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक पहल रही। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ विभिन्न संस्थाओं के युवाओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को और अधिक गरिमामय एवं प्रभावशाली बनाया।

बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को मजबूत करने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Editor in Chief





