छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: कोरबा जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां रजगामार से 3 दिनों से लापता 7 वर्षीय बच्ची (भव्या जोशी) का शव करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे जंगल के पास से बरामद कर लिया गया है। शरीर पर चोटों के निशान देखकर पुलिस ने इस मामले में हत्या किए जाने की पुष्टि की है।
बता दें कि रजगामार निवासी 7 वर्षीय बच्ची भव्या जोशी 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब डेढ़ बजे अपने घर से पास की राशन दुकान सामान लेने निकली थी, जिसके बाद वह रहस्यमयी ढंग से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट राजगामार चौकी में दर्ज कर दी थी ।
तीन दिनों तक लगातार तलाश के बाद, गुरुवार 22 अक्टूबर को उसका शव उसी पोल्ट्री फार्म के पीछे मिला जहां उसका परिवार रहता था। शव को सबसे पहले उसके चाचा ने देखा था।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, बच्ची के गले पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल से कुछ कपड़े और जूते भी बरामद हुए हैं। डॉग स्क्वॉड और पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हुई थीं और एसपी सिद्धार्थ तिवारी भी खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे थे। पुलिस अब शव का पोस्टमार्टम करवा रही है, जिसके बाद ही मौत के सही कारणों और अन्य आशंकाओं (जैसे दुष्कर्म) की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
बच्ची का परिवार मूल रूप से सक्ती जिले के ग्राम फगुरम का रहने वाला है और करीब 4 महीने पहले ही काम के सिलसिले में कोरबा के रजगामार आया था। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें:ग्लेन फिलिप्स का तूफानी अर्धशतक, न्यूजीलैंड 190 रन के पार, भारतीय गेंदबाजों की बढ़ी मुश्किलें

Editor in Chief

