झारखंड
धनबाद/स्वराज टुडे: धनबाद में साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘साइबर शील्ड’ के तहत पुलिस ने टुंडी के संग्रामडीह के भालपहाड़ी गांव में बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार की आधी रात को आधा दर्जन थानों की पुलिस ने गांव की घेराबंदी कर पांच शातिर साइबर अपराधियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में तीन भालपहाड़ी, देवघर व कोडरमा के एक-एक युवक शामिल हैं।
चारों तरफ से घेर लिया था गांव
भालपहाड़ी गांव में कई साइबर ठगों के छिपे होने की सूचना मिलने पर एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में 17 पुलिस अफसरों और 80 महिला-पुरुष जवानों की विशेष टीम बनाई गई। इसके बाद निरसा एसडीपीओ लिलेश्वर महतो की अगुवाई में टीम ने बुधवार की रात गांव को चारों तरफ से घेरकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के पास क्या-क्या मिला
गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन लैपटॉप, 20 स्मार्टफोन और कीपैड मोबाइल, 16 एटीएम कार्ड, चार पैन कार्ड, चार आधार कार्ड, 23 पासबुक, 10 चेकबुक, एक ई-पोस मशीन और तीन आरसी बुक मिले हैं। इस संबंध में टुंडी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ये साइबर ठग पकड़े गए
पकड़े गए आरोपियों में भालपहाड़ी, टुंडी (धनबाद) निवासी राजू मंडल (27), अजीत मंडल (26) और उत्तम कुमार मंडल (20), गगनपुर, मरगोमुंडा (देवघर) निवासी दिलीप मंडल (29) तथा पूर्णाडीह, नवलशाही (कोडरमा) निवासी उमेश राणा (33) शामिल हैं।
इस कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
छापेमारी टीम में निरसा एसडीपीओ लिलेश्वर महतो, टुंडी थाना प्रभारी रामजी राय, पंचेत ओपी प्रभारी सुजीत कुमार सिंह, गलफरबाड़ी ओपी प्रभारी शेखर कुमार, कुमारधुबी ओपी प्रभारी मैथ्यू एक्का, एमपीएल ओपी प्रभारी डॉ शिल्पी भगत, बाघमारा महिला थाना प्रभारी सुरबाला भुंगराज और धनबाद महिला थाना प्रभारी बिगन सोय समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Editor in Chief

