अकलतरा के किरारी स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल की प्राचार्य अंजुला सोनी पर बिलासपुर ACB की कार्रवाई के बाद विभाग सख्त, निलंबन अवधि में DEO कार्यालय में रहेंगी
जांजगीर-चांपा/स्वराज टुडे: भ्रष्टाचार के खिलाफ शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए अकलतरा क्षेत्र के किरारी गांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य अंजुला सोनी को निलंबित कर दिया है। बिलासपुर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने उन्हें कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। निलंबन अवधि में उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
एरियर निकालने के नाम पर मांगी थी घूस
जानकारी के मुताबिक, स्कूल में पदस्थ एक लिपिक के वेतन वृद्धि के एरियर की राशि निकालने के बदले रिश्वत की मांग की गई थी। परेशान लिपिक ने इसकी शिकायत ACB से की। शिकायत की जांच के बाद बिलासपुर ACB की टीम ने जाल बिछाया और प्राचार्य को 10 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद विभाग की त्वरित कार्रवाई
ACB की कार्रवाई के तुरंत बाद शिक्षा विभाग ने भी सख्ती दिखाते हुए प्राचार्य को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान वे DEO कार्यालय से संबद्ध रहेंगी। इस पूरे घटनाक्रम से जिले के शिक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है और कर्मचारियों के बीच चर्चा का दौर जारी है।
यह भी पढ़ें: New Delhi: अब और सख्त हुई ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया ! ऑनलाइन परीक्षा में लाने होंगे 75 फीसदी अंक

Editor in Chief

