बल्लभगढ़-फरीदाबाद/स्वराज टुडे: सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए राजपूत समाज की ओर से एक महापंचायत का आयोजन ऊंचा गांव में किया गया। इसमें फरीदाबाद व पलवल के लोगों ने हिस्सा लिया।
पंचायत में सर्वसम्मति से 21 प्रस्ताव रखे गए, जिनमें तेज संगीत पर चलने वाले गानों पर प्रतिबंध, एक रुपये से सगाई, विवाह में वधू और वर पक्ष की तरफ से अधिकतम 500-500 लोगों को निमंत्रण, मृत्यु भोज पर प्रतिबंध, विवाह समारोह में शराब के सेवन पर रोक, सेवानिवृत्ति पार्टी को भी प्रतिबंधित, विवाह समारोह दिन के समय करने को प्राथमिकता, आतिशबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध, सगाई, शादी और नवजात का चेहरा देखने के अवसर पर किन्नर समाज को अधिकतम 5100 रुपये दिए जा सकते हैं।
लोगों को करनी होगी पहल
बल्लभगढ़ की पूर्व विधायक शारदा राठौर ने कहा कि पंचायत के निर्णयों से कुरीतियों पर रोक लगेगी और समाज के युवा वर्ग को नई दिशा मिलेगी। समाज सुधार के लिए समाज के अग्रणी लोगों को पहल करनी होगी।
वहीं, सभी नियमों के क्रियान्वयन के लिए एक कमेटी का गठन किया गया। यह कमेटी समाज के जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायता करेगी। कमेटी मेधावी छात्रों की भी आर्थिक मदद करेगी। छह महीने बाद पंचायत में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की जाएगी।
क्या बोले ठाकुर राजाराम?
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर राजाराम ने कहा कि आशा है कि समाज सभी नियमों का पालन करेगा। इस महापंचायत की अध्यक्षता गुरुदयाल तोमर ने की।
पंचायत के संयोजक प्रताप भाटी ने कहा कि यह पंचायत समाज सुधार की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। पंचायत के समन्वयक राजेश रावत ने सभी नियमों को विस्तार से बताया और हाथ उठवाकर सभी की सहमति ली।
डॉ. हरेंद्र पाल, चांदपुर गांव के सरपंच सूरजपाल भूरा, हुकम सिंह भाटी, मुकेश भाटी, सुरेंद्रपाल, गजेंद्र सरपंच, जिला बार के प्रधान बाबी रावत, हरेंद्र भाटी, सोदान सिंह, किरणपाल और सुमित चेयरमैन ने अपने विचार रखे।
यह भी पढ़ें: उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने की लोकमंगल एवं जनकल्याण की कामना
यह भी पढ़ें: Raipur: महादेव ऐप का काला कारोबार 92 हजार करोड़ के पार! ED के खुलासे से मचा हड़कंप

Editor in Chief






















