छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: सेवा भारती कोरबा द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 14 नवंबर 2026, शनिवार को विवेकानंद सेवा सदन में दीपावली मिलन समारोह का भव्य एवं आत्मीय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवा भारती के पदाधिकारियों, सदस्यों, शुभचिंतकों एवं सहयोगियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समारोह का वातावरण दीपावली के उल्लास, पारस्परिक स्नेह और सेवा के संकल्प से सराबोर रहा।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित श्री किशोर बुटोलिया जी ( माननीय सह विभाग संघचालक ) ने अपने उद्बोधन में कहा कि सेवा भारती का मूल उद्देश्य समाज के उस अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाना है, जो आज भी अभावों और कठिन परिस्थितियों में जीवन व्यतीत कर रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा केवल किसी की सहायता करना नहीं, बल्कि आत्मिक सुख एवं संतोष की अनुभूति का माध्यम है। समाज के वंचित एवं जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए हम सभी को सामूहिक रूप से आगे आना चाहिए। उन्होंने सेवा भारती के सेवा कार्यों को समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुँचाने का आह्वान किया।
जिला कार्यवाह श्री कैलाश नाहक जी ने दीपावली के प्रकाश पर्व की सार्थकता को रेखांकित करते हुए कहा कि जिस प्रकार एक दीप से दूसरा दीप प्रज्वलित होता है और चारों ओर प्रकाश फैलता है, उसी प्रकार हम सभी को भी एक दीपक बनकर किसी जरूरतमंद व्यक्ति के घर में खुशियों का उजियारा लाना चाहिए। दीपावली की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब हमारे प्रयासों से किसी जरूरतमंद के जीवन में भी खुशियों का प्रकाश पहुँचे।
विशिष्ट अतिथि श्री प्रमोद झा जी, संचालक, सेंट जेवियर्स स्कूल, कोरबा ने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से सेवा भारती द्वारा संचालित सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समाज के सामूहिक सहयोग और सहभागिता से ही सेवा के कार्यों को व्यापक स्वरूप प्रदान किया जा सकता है।
इस अवसर पर सेवा भारती कोरबा के सचिव श्री सुनील जैन जी ने संस्था द्वारा संचालित विभिन्न सेवा प्रकल्पों एवं सामाजिक गतिविधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने मातृ छाया , मर्चुरी बॉक्स सेवा, मोक्ष रथ, निःशुल्क चिकित्सा उपकरण सेवा, रानी दुर्गावती सिलाई प्रशिक्षण केंद्र, कन्या छात्रावास एवं वनवासी क्षेत्रों में आरोग्य वाहन जैसी सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्गों के उत्थान हेतु किए जा रहे प्रयासों से उपस्थित जनों को अवगत कराया।
कार्यक्रम में सेवा भारती कोरबा के अध्यक्ष डॉ. विशाल उपाध्याय जी सहित अनेक गणमान्यजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर सेवा भारती की उपाध्यक्ष श्रीमती ज्योति बुटोलिया जी, श्रीमती रेखा सिंह, श्रीमती रीता श्रीवास्तव, डॉ. तारा शर्मा, श्रीमती शोभा अवस्थी, श्रीमती निक्की उपाध्याय, श्री अजय पाण्डेय, श्री योगेश जैन, श्री गोपाल अग्रवाल, श्री विनोद अग्रवाल, श्री देवेंद्र द्विवेदी, श्री मृगेश यादव, श्री अभिषेक शर्मा, श्री रमेश पाठक, श्री अमरजीत सिंह, श्री श्रेष्ठ सिंह ठाकुर, श्री प्रदीप तिवारी, श्री मयंक श्रीवास एवं श्री उत्तम पाठक सहित सेवा भारती के अनेक सदस्य एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे।
सभी उपस्थितजनों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए सामाजिक समरसता, संगठनात्मक एकजुटता और सेवा के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाने की भावना व्यक्त की। समारोह में दीपावली की खुशियाँ साझा करने के साथ आपसी स्नेह, आत्मीयता एवं पारिवारिक सद्भाव का सुंदर वातावरण देखने को मिला। उपस्थित सदस्यों ने समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के जीवन में खुशियों का प्रकाश पहुँचाने के लिए सेवा कार्यों में निरंतर सहभागी बनने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी मंच संचालन सेवा भारती कोरबा के कोषाध्यक्ष श्री गोविंद माधव उपाध्याय जी ने किया।
समारोह का समापन उल्लास, सौहार्द एवं सेवा के प्रति नवीन ऊर्जा और संकल्प के साथ हुआ।
सेवा ही संस्कार है, सेवा ही साधना है और सेवा ही समाज परिवर्तन का सशक्त माध्यम है।
सेवा भारती कोरबा
यह भी पढ़ें: ASI के चौपहिया वाहन की ठोकर से स्कूटी सवार जुनियर टेक्निकल इंस्पेक्टर रूपचंद देवांगन घायल

Editor in Chief






















