राजस्थान
जयपुर/स्वराज टुडे: जयपुर के चर्चित टिंडर हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी के पांच दिन थाईलैंड घूमने का मामला सामने आया है। इस दौरान जेल के रिकॉर्ड में उसकी हाजिरी भी लगती रही। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कैदी की गैरमौजूदगी के दौरान एक वार्डर उसकी उपस्थिति दर्ज करता रहा। मामला सामने आने के बाद वार्डर को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
9 से 13 अक्टूबर को थाइलैंड घूमने गया था
मीडिया रिपोर्ट में अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि कैदी दिक्षांत कामरा 9 से 13 अक्टूबर 2025 के बीच थाईलैंड गया था। उस समय वह बीकानेर की बीछवाल ओपन फार्म जेल में बंद था। आरोप है कि उसकी गैरमौजूदगी के बावजूद जेल के वार्डर हापुराम ने उसकी हाजिरी दर्ज की। इतना ही नहीं, जेल अधिकारियों को उसकी मौजूदगी दिखाने के लिए पुरानी तस्वीर भी भेजी गई थी। शुरुआती जांच में वार्डर की भूमिका सामने आने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया।
कार से अफीम और पासपोर्ट मिलने के बाद खुली पोल
इस मामले की एक अहम कड़ी 3 नवंबर 2026 को सामने आई थी। जवाहर नगर थाना पुलिस ने एक कार की तलाशी के दौरान करीब 40 ग्राम अफीम और एक पासपोर्ट बरामद किया था। यह कार कैदी के भाई के नाम पर पंजीकृत बताई गई है। अफीम बरामदगी के मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई और कामरा को गिरफ्तार किया गया। पासपोर्ट की जांच से उसके थाईलैंड जाने की जानकारी सामने आई।
जांच में यह भी पता चला कि कामरा का पासपोर्ट 2016 में जारी हुआ था। 2018 में गिरफ्तारी के समय उसका पासपोर्ट जब्त नहीं किया गया था। नवंबर 2023 में हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बाद भी उसके पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी जुटाए जाने की बात सामने नहीं आई।
टिंडर के जरिए हुई थी मुलाकात, हत्या में मिली थी उम्रकैद
दिक्षांत कामरा जयपुर के चर्चित टिंडर हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहा है। इस मामले में दुष्यंत शर्मा की मुलाकात फरवरी 2018 में टिंडर के जरिए प्रिय सेठ से हुई थी। जांच के मुताबिक, प्रिय सेठ और कामरा ने कथित तौर पर फिरौती के लिए दुष्यंत के अपहरण की योजना बनाई थी। 2 मई 2018 को दुष्यंत की हत्या कर दी गई और उसका शव सूटकेस में रखकर जयपुर-दिल्ली हाईवे के पास फेंक दिया गया था। इस मामले में प्रिय सेठ, दिक्षांत कामरा और लक्ष्य वालिया को नवंबर 2023 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी।
जेल अधिकारियों के मुताबिक, कामरा को अक्टूबर 2026 में बीछवाल ओपन फार्म जेल से श्रीगंगानगर की नरसिंहपुरा बिरानी ओपन जेल में स्थानांतरित किया गया था। डीआईजी जेल राकेश मोहन शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में कैदी के विदेश जाने और वार्डर की ओर से उसकी हाजिरी दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: सुबह-सुबह डोल गई धरती, गिरते-पड़ते घरों से भागे लोग, 6 तीव्रता के भूकंप ने 22 लोगों को किया जख्मी
यह भी पढ़ें: दिनदहाड़े महिलाओं से पर्स लूट की दो वारदातों का खुलासा, 01 आरोपी एवं 02 विधि से संघर्षरत बालक पकड़ाए

Editor in Chief




















