छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: छत्तीसगढ़ राज्य के विभिन्न नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में “अटल परिसर” योजना के अंतर्गत भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमाएँ स्थापित की जा रही हैं। कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में स्थापित अटल जी की प्रतिमा के संबंध में स्थानीय स्तर पर गंभीर अनियमितताओं की चर्चा है। यह आरोप लगाया जा रहा है कि जहाँ स्वीकृति एवं प्रचार में धातु (Metal) की प्रतिमा स्थापित किए जाने की बात कही गई, वहीं वास्तविकता में सीमेंट/कंक्रीट से निर्मित प्रतिमा स्थापित कर दी गई। यह भी कहा जा रहा है कि पहली ही बरसात में प्रतिमा का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर धुलने लगा, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न उठते हैं।
यदि ये आरोप सत्य हैं, तो यह न केवल सार्वजनिक धन का दुरुपयोग है, बल्कि भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के सम्मान के साथ भी गंभीर खिलवाड़ है। साथ ही आशंका व्यक्त की जा रही है कि इसी प्रकार की अनियमितताएँ छत्तीसगढ़ के अन्य नगर निगमों, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में स्थापित प्रतिमाओं के निर्माण में भी हुई हो सकती हैं।
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम कोरबा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए अनुरोध किया गया है कि इस पूरे मामले की जाँच के लिए केंद्र स्तर पर एक स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जाँच समिति का गठन किया जाए। छत्तीसगढ़ राज्य में “अटल परिसर” योजना के अंतर्गत स्थापित सभी अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमाओं की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री, तकनीकी मानकों, स्वीकृत डिज़ाइन एवं व्यय की विस्तृत जाँच कराई जाए। निर्माण कार्यों से संबंधित निविदा, अनुबंध, भुगतान, गुणवत्ता परीक्षण तथा अन्य अभिलेखों की स्वतंत्र ऑडिट कराया जाए।

Editor in Chief





