छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: विश्व हिन्दू परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत की तीन दिवसीय प्रांत बैठक दिनांक 24 से 26 जुलाई 2026 तक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, सेवा, सुरक्षा, संस्कार, गौसंरक्षण, धर्म जागरण, समरसता तथा मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा एवं आगामी कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक के समापन अवसर पर संगठन के विभिन्न दायित्वों की घोषणा करते हुए सुश्री सविता साहू जी को दुर्गावाहिनी जिला संयोजिका तथा श्रीमती ऊषा पांडे जी को मातृशक्ति जिला संयोजिका का दायित्व सौंपा गया।
विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों ने दोनों नवनियुक्त दायित्ववान बहनों को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में दुर्गावाहिनी एवं मातृशक्ति संगठन जिले में और अधिक सशक्त होकर कार्य करेगा। समाज में सेवा, संस्कार, राष्ट्रभक्ति, नारी सुरक्षा एवं हिंदू जागरण के कार्यों को नई गति मिलेगी तथा अधिकाधिक मातृशक्ति एवं युवतियाँ संगठन से जुड़कर राष्ट्र एवं समाज हित में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँगी।
बैठक में प्रांत एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों ने आगामी महीनों में संगठन विस्तार, ग्राम संपर्क अभियान, सेवा गतिविधियों, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा सामाजिक समरसता को लेकर व्यापक कार्ययोजना पर चर्चा की। सभी कार्यकर्ताओं ने पूर्ण समर्पण एवं संगठन भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचने का संकल्प लिया।
विश्व हिन्दू परिषद परिवार ने नवदायित्व प्राप्त सुश्री सविता साहू जी एवं श्रीमती ऊषा पांडे जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की मंगलकामना की।
यह भी पढ़ें: NH-52 पर बड़ा हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने 17 गाय-बछड़ों को रौंदा, 15 की दर्दनाक मौत… सिस्टम पर फिर उठे सवाल

Editor in Chief





