नई दिल्ली-गाजियाबाद/स्वराज टुडे: दिल्ली के जंतर-मंतर से लौट रहे बरेली के दो छात्रों को नाम और धर्म पूछकर पीटने तथा उनसे बदसलूकी करने के मामले में घिरे गाजियाबाद निवासी और खुद को ‘हिंदू वीर सेना’ का अध्यक्ष बताने वाले सत्यम पंडित का एक और नया विवादित बयान सामने आया है।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सत्यम पंडित ने एक अन्य वीडियो जारी करते हुए मांग की है कि श्रावण मास की आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी मुस्लिम पुलिसकर्मी की ड्यूटी न लगाई जाए।
छात्रों के साथ अभद्रता करने के बाद पंडित के इस नए बयान ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में विवाद को और गहरा दिया है।
“कांवड़ यात्रा में न लगे मुस्लिम पुलिसकर्मी”
सोशल मीडिया पर जारी अपने नए वीडियो संदेश में सत्यम पंडित ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि पावन कांवड़ यात्रा की सुरक्षा और प्रबंधन में केवल हिंदू पुलिसकर्मियों की ही तैनाती होनी चाहिए और किसी भी मुस्लिम पुलिसकर्मी को कांवड़ मार्ग या ड्यूटी पर तैनात नहीं किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि इससे पहले भी सत्यम पंडित कई बार भड़काऊ बयानों और विवादित हरकतों के चलते जेल जा चुका है। अगस्त 2024 में बांग्लादेशी व रोहिंग्या समुदाय के खिलाफ भड़काऊ बयानबाजी और फरवरी 2026 में मीट विक्रेताओं को धमकाने व मारपीट करने के मामले में गाजियाबाद पुलिस उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर चुकी है।
विपक्षी नेताओं का हमला, अखिलेश यादव बोले- “भरोसे का विलोम है भाजपा”
सत्यम पंडित द्वारा जंतर-मंतर से लौट रहे छात्रों की पिटाई का वीडियो खुद फेसबुक पर “कॉकरोचों का इलाज कर दिया” लिखकर पोस्ट करने के बाद विपक्षी दलों ने सरकार और पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लिया है:
- अखिलेश यादव (सपा प्रमुख): समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “भाजपा और उनके संगी-साथियों के दुर्व्यवहार और हिंसा को सब देख लें। युवाओं को दिए आश्वासन की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। भरोसे का विलोम ही भाजपा है।” उन्होंने आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।
- महुआ मोइत्रा (TMC सांसद): टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली पुलिस से सत्यम पंडित पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की।
- सौरभ भारद्वाज (AAP नेता): आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने आरोपी की वरिष्ठ नेताओं के साथ तस्वीरें साझा करते हुए पुलिस से गुंडागर्दी करने वाले आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल, पीड़ित छात्रों के सामने आने और वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दिल्ली व यूपी पुलिस मामले का संज्ञान लेकर आरोपी सत्यम पंडित के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसने में जुट गई है।
यह भी पढ़ें: 800 विद्यार्थियों ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प, 30 विद्यार्थियों ने मांसाहार त्यागने का लिया निर्णय

Editor in Chief





