रायपुर प्रेस क्लब में सदस्यता विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। पलाश तिवारी पर पदाधिकारियों को पिस्टल दिखाने, हवाई फायरिंग करने और धमकी देने का आरोप है। शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
रायपुर/स्वराज टुडे: छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर स्थित प्रेस क्लब में सदस्यता को लेकर विवाद उस वक्त गंभीर हो गया, जब एक युवक पर पदाधिकारियों को पिस्टल दिखाने और हवाई फायरिंग करने का आरोप लगा। घटना के बाद परिसर में दहशत का माहौल बन गया। शिकायत मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रेस क्लब की सदस्यता नहीं मिलने से नाराज पलाश तिवारी शनिवार शाम परिसर पहुंचा था। वहां उसने सदस्यता को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की और कथित तौर पर विवाद शुरू कर दिया। इस दौरान उसने प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष दिनेश यदु और कार्यालय सचिव शिव दत्ता पर पिस्टल तान दी। आरोप है कि इसके बाद उसने हवा में गोली चला दी।
शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई
प्रेस क्लब की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि 24 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे परिसर में हवाई फायरिंग की सूचना सदस्यों से मिली थी। शिकायत के मुताबिक, इस घटना से क्लब का शांतिपूर्ण माहौल प्रभावित हुआ और वहां मौजूद लोगों के बीच भय पैदा हो गया। आरोपी पर धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
प्रेस क्लब जैसे सार्वजनिक परिसर में हथियार दिखाने और गोली चलाने की घटना ने पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने देर रात पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। बहरहाल इस घटना से प्रदेश के पत्रकार जगत में हड़कंप मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें:वोटर लिस्ट से कट गया नाम तो घबराएं नहीं, आज मिल रहा अंतिम मौका, तुरंत उठा लें फायदा, जानिए कैसे
यह भी पढ़ें:क्या आप जानते हैं…रेलवे ट्रैक पर पत्थर बिछे होते हैं, लेकिन मेट्रो ट्रैक पर क्यों नहीं?

Editor in Chief

