उत्तरप्रदेश
अलीगढ़/स्वराज टुडे: जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाइयां गूंजने वाली थीं, जहां शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, उस घर में आज मातम पसरा हुआ है। परिवार जिस बेटे के सिर पर सेहरा सजाने का इंतजार कर रहा था, अब उसी बेटे के पार्थिव शरीर के आने की प्रतीक्षा कर रहा है। उत्तरप्रदेश के सिरसा से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं।
24 नवंबर को जवान की होनी थी शादी
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के सरसा गांव के रहने भारतीय सेना के जवान करण चौधरी (उर्फ सौरभ) जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में ड्यूटी के दौरान गोली लगने से शहीद हो गए हैं। उनकी शादी 24 नवंबर को तय थी। परिवार में खुशियों का माहौल था और शादी की तैयारियां चल रही थीं।
बताया जा रहा है कि जवान जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा क्षेत्र में तैनात थे और 17 नवंबर को छुट्टी लेकर घर लौटने वाले थे। परिवार को उम्मीद थी कि बेटा घर आएगा और फिर धूमधाम से उसकी शादी होगी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जवान की मौत की खबर ने परिवार की सारी खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।
जहां से निकलनी थी बारात वहां पहुंचा तिरंगे में लिपटा जवान का पार्थिव देह
शहीद करन चौधरी का पार्थिव शरीर गांव पहुंचने पर पूरे इलाके में शोक का माहौल रहा. जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने भी गांव सिरसा पहुंचकर शहीद जवान के अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया. अधिकारियों ने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. अधिकारियों ने कहा कि देश के लिए करन चौधरी का सर्वोच्च बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा. जिस घर में कुछ दिन बाद शादी की शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब बेटे की शहादत के गम में हर आंख नम है.
परिवार में मातम का माहौल
एक तरफ देश की सुरक्षा में तैनात जवानों का समर्पण और बलिदान है, तो दूसरी तरफ उनके परिवारों का वह दर्द है, जिसे शब्दों में बयां करना बेहद मुश्किल है। एक परिवार ने अपना बेटा खोया है, किसी ने अपना भाई और एक परिवार ने अपने होने वाले दूल्हे को। देश की रक्षा में तैनात हर जवान का जीवन अनमोल है। उनके त्याग और समर्पण को देश हमेशा याद रखेगा।
यह भी पढ़ें: New Delhi: बांग्लादेश की सीमा में गलती से घुसा बीएसएफ जवान, उसके बाद जो हुआ ….

Editor in Chief





















