छत्तीसगढ़
कोरबा-बालकोनगर/स्वराज टुडे: हर धागे में एक हुनर छिपा होता है और हर हुनर अपने साथ एक नई संभावना लेकर आता है। शांतिनगर की रहने वाली मीनाक्षी पटवा आज इसी संभावना को अपनी जिंदगी का हिस्सा बना रही हैं। कभी घर की जिम्मेदारियों तक सीमित रहने वाली मीनाक्षी अब कोसा बुनाई का हुनर सीखकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं।
सितंबर से शुरू हुई उनकी लूम ट्रेनिंग की यात्रा अब एक नए उत्साह में बदल चुकी है। कपड़ा बनाना, धागे जोड़ना और लूम की बारीकियों को समझना, मीनाक्षी हर दिन कुछ नया सीख रही हैं। उनके लिए यह सिर्फ एक प्रशिक्षण नहीं, बल्कि अपने सपनों को आकार देने का अवसर है।
बालको की सामुदायिक विकास से जुड़ी स्व सहायता समूह ‘नई किरण’ के माध्यम से उन्हें कोसाकारी प्रशिक्षण की जानकारी मिली। समूह की महिलाओं के प्रोत्साहन ने उन्हें इस पहल से जुड़ने का हौसला दिया। मीनाक्षी बताती हैं, “इस प्रशिक्षण से मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है। सबसे अच्छी बात यह है कि आगे चलकर मैं अपनी सुविधानुसार काम कर सकूंगी। इससे मुझे अपने परिवार की आर्थिक मदद करने का अवसर मिलेगा और मैं अपने फैसले खुद ले पाऊंगी।”
मीनाक्षी के लिए यह सफर केवल एक नया कौशल सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी पहचान बनाने और आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ने का भी है। वह चाहती हैं कि उनके समूह की अन्य महिलाएं भी इस अवसर से जुड़ें। उनका मानना है कि घर की जिम्मेदारियों के साथ भी इस हुनर को सीखा जा सकता है और महिलाएं अपनी सुविधा के अनुसार काम करते हुए आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
बालको का कोसाकारी कार्यक्रम स्थानीय पारंपरिक कला और कौशल को बढ़ावा देने के साथ महिलाओं के लिए आजीविका के नए अवसर तैयार करने की दिशा में एक सार्थक पहल है। इसका उद्देश्य महिलाओं को हुनर, अवसर और आत्मविश्वास से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। क्योंकि जब एक महिला हुनरमंद बनती है, तो वह सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के लिए तरक्की के नए रास्ते खोलती है। धागों से बुन रही हैं हुनर, हुनर से संवार रही हैं अपना भविष्य।

Editor in Chief






















