छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रानी अहिल्याबाई कन्वेंशन हॉल, कोरबा में जिला प्रशासन, नगर निगम के संयुक्त सहयोग से भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, ब्रह्माकुमारीज के भाई-बहनों एवं शहर के हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री खुशवंत साहेब जी, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत जी, कलेक्टर श्री कुनाल दुदावत जी, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडे जी, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी जी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गोपाल मोदी जी, जिला पंचायत के सीईओ श्री दिनेश नाग जी, भाजपा रायपुर संभाग के संयोजक श्री राजीव सिंह जी, श्री अशोक चावलानी जी, श्री हितानंद अग्रवाल जी, श्री योगेश लांबा जी, अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

योगाचार्य श्री राजेश्वर पांडे जी ने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। नियमित योग से तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा जीवन में सकारात्मकता का विकास होता है।

अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री श्री खुशवंत साहेब जी ने कहा कि योग भारत की विश्व को दी गई एक अनमोल देन है। आज पूरा विश्व योग की महत्ता को स्वीकार कर रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित और सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत जी ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। योग व्यक्ति के तन, मन और आत्मा में संतुलन स्थापित करता है तथा जीवन को अनुशासित और सकारात्मक बनाता है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनाने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील की। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज की ओर से राजयोग मेडिटेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि योग के साथ राजयोग का अभ्यास व्यक्ति को आंतरिक शांति, आत्मबल और सकारात्मक सोच प्रदान करता है। राजयोग के माध्यम से व्यक्ति स्वयं को शक्तिशाली बनाकर समाज और राष्ट्र के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
यह भी पढ़ें:रोहित शर्मा का कल आखिरी मैच, फिर वनडे से भी रिटायरमेंट; BCCI का यह प्लान बना संन्यास की वजह

Editor in Chief





