बुलंदशहर/स्वराज टुडे: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में घर के बाहर खेल रही 3 साल की मासूम बच्ची तान्या सिंह की एक महिला तांत्रिक ने अगवा कर निर्मम हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात से गुस्साए परिजनों और स्थानीय निवासियों ने आरोपी महिला की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुलंदशहर-दिल्ली हाईवे पर जाम लगाकर जमकर हंगामा किया।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी महिला तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया गया है और बच्ची का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घर के बाहर खेल रही बच्ची को उठा ले गई थी तांत्रिक
बुलंदशहर के अवंतिनगर भूड निवासी सचिन कुमार की 3 साल की मासूम बेटी तान्या शनिवार को घर के बाहर खेल रही थी, तभी अचानक वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी तलाशने के बाद भी जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला, तो परेशान परिजनों ने कोतवाली नगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शनिवार शाम करीब 7 बजे गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की।एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने तत्काल इलाके के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की, जिससे स्पष्ट हुआ कि बच्ची मोहल्ले से बाहर नहीं गई है। इसके बाद पुलिस टीम ने मोहल्ले के घरों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।
पड़ोस में रहने वाली महिला तांत्रिक के कमरे से मिला शव, नरबलि की आशंका
तलाशी के दौरान सचिन के घर से महज 40 मीटर की दूरी पर स्थित रोहताश राजपूत के मकान में किराये पर रहने वाली एक महिला अपने कमरे पर ताला लगाकर गायब मिली। पुलिस ने संदेह के आधार पर जब उस कमरे का ताला खुलवाया, तो अंदर 3 वर्षीय मासूम तान्या सिंह का शव बरामद हुआ। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली इस तांत्रिक महिला ने अंधविश्वास के चलते मासूम की बलि देकर उसकी जान ले ली।
कलाई काटकर बच्ची के रक्त से की गई थी तांत्रिक पूजा
घटनास्थल पर बच्ची के शव के पास तंत्र-मंत्र से जुड़ी सामग्री बिखरी मिली। बुलंदशहर के एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि तांत्रिक महिला ने बच्ची के रक्त से पूजा की थी। शव के हाथ पर कलावा बंधा हुआ था, माथे पर तिलक लगा था और बच्ची की कलाई काटकर निकाले गए रक्त से तंत्र क्रिया की गई थी। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी महिला सोनाली यहां रहकर तंत्र-मंत्र की गतिविधियां चलाती थी और प्रारंभिक जांच में तांत्रिक क्रिया के लिए ही बच्ची की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।
हाईवे पर हंगामा और जाम, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
बच्ची का शव मिलने की खबर फैलते ही परिजनों और मोहल्लेवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने आरोपी तांत्रिक महिला की गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग को लेकर बुलंदशहर-दिल्ली हाईवे पर जाम लगा दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जिले के कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को कठोर कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया और जाम खुलवाया। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने देर रात दबिश देकर आरोपी तांत्रिक महिला सोनाली को गिरफ्तार कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Bilaspur: युवक को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में प्रेमिका गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: Korba: स्कूल एवं शैक्षणिक संस्थाओं के आस पास तंबाकू उत्पाद बेचने वाले 15 दुकानदारों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई

Editor in Chief





















