छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: कोरबा जिले के कटघोरा में संचालित प्रसिद्ध मुरली होटल में शुक्रवार सुबह कस्टमर के प्लेट में सांभर में कीड़ा मिला था। दरअसल, कई ग्राहक डोसा और सांभर खा रहे थे। इसी दौरान एक ग्राहक की प्लेट में सांभर के अंदर कीड़ा तैरता दिखाई दिया। इसके बाद उसने दूसरे ग्राहकों को भी दिखाया। जब ग्राहकों ने इसकी शिकायत होटल के स्टाफ से की तो उन्होंने भी सांभर में कीड़ा होने की बात मान ली। इसके बाद कुछ कस्टमर आक्रोश में खाना छोड़कर होटल से बाहर चले गए। इस घटना का वीडियो बनाकर ग्राहकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया। जब खबरें आम हुई तो अनेक मीडिया में इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया गया।
शिकायत मिलते ही एक्शन मोड में आया खाद्य विभाग
वीडियो वायरल होने और शिकायत मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम ने होटल का निरीक्षण किया। जांच में साफ-सफाई के प्रति काफी लापरवाही दिखी और FSSAI के नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा था।
विभाग ने सांभर का सैंपल जांच के लिए लिया और होटल को अगले आदेश तक बंद करने के साथ खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी। साथ ही, टीम ने शारदा स्वीट्स का भी निरीक्षण किया। कुछ दिन पहले एनटीपीसी स्थित लक्ष्मी डेयरी के सांभर-वड़ा में भी कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई थी।

खाद्य अधिकारी विकास भगत ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुरली होटल की जांच की गई। यहां से सांभर का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान होटल में साफ-सफाई की स्थिति ठीक नहीं मिली। साथ ही एफएसएसएआई के नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा था । इन कमियों को देखते हुए होटल संचालक को अगले आदेश तक होटल बंद रखने का नोटिस दिया गया है। साथ ही होटल में खरीद-बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है।
ग्राहकों ने जिला प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग

इस घटना के बाद ग्राहकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि बड़े और नामी होटलों में भी खाने की गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से जिले के सभी बड़े होटल और रेस्टोरेंट की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: Korba: धागों में बुनते सपने, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम, दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बनी मीनाक्षी
यह भी पढ़ें: आधी रात घर के दरवाजे पर बैठा मिला खतरनाक अहिराज सांप, जितेंद्र सारथी ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

Editor in Chief























