हुतात्मा दिवस पर जिला अस्पताल कोरबा में विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल द्वारा विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन
कोरबा/स्वराज टुडे: अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले कोठारी बंधुओं सहित समस्त हुतात्मा कारसेवकों की पावन स्मृति में विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल कोरबा द्वारा 01 नवंबर 2026 को हुतात्मा दिवस के रूप में मनाते हुए जिला अस्पताल कोरबा में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कुल 58 यूनिट रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने अपने रक्त के माध्यम से उन वीर कारसेवकों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान धर्म और आस्था की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत सह मंत्री श्री विजय राठौर जी उपस्थित रहे। उन्होंने सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए प्रत्येक रक्तदाता को भगवा गमछा भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हुतात्मा कारसेवकों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र की सेवा के कार्यों में निरंतर आगे बढ़ना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। रक्तदान जैसे पुनीत कार्य से जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने का अवसर मिलता है।

इस अवसर पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि संगठन केवल सामाजिक और धार्मिक जागरण तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव सेवा के कार्यों में भी सदैव अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। रक्तदान महादान है, क्योंकि हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद परिवार के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगा सकता है।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक रहने तथा समाजहित के सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संदेश दिया गया।

विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल कोरबा ने सभी 58 रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं जिला अस्पताल की चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त करते हुए संकल्प लिया कि हुतात्मा कारसेवकों के त्याग, समर्पण एवं बलिदान की स्मृति में सेवा और समर्पण के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

Editor in Chief

