छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: कोरबा जिले के करतला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत ढनढनी और कनकी के अनेक ग्रामीण सोमवार को कोरबा कलेक्ट्रेट में आयोजित जनदर्शन में पहुँचे । यहां ग्रामीणों ने राशन कार्ड से नाम कटने की समस्या को लेकर कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना किसी जांच-पड़ताल के गांव के अनेक पात्र लोगों के राशन कार्ड काट दिए गए हैं, जिससे उनके सामने भरण-पोषण की समस्या खड़ी हो गयी है । ग्रामीणों का कहना है कि राशन डीलर और जिला खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की कथित मिलीभगत से यह कार्रवाई की गई है। ग्राम पंचायत ढनढनी के ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव से 60 से ज्यादा लोगों के नाम राशन कार्ड से हटा दिए गए हैं । जब उन्होंने इसकी शिकायत ग्राम सरपंच से की तो उन्होंने कलेक्ट्रेट जाने की सलाह दी।
इसी तरह ग्राम पंचायत कनकी के ग्रामीणों ने कहा कि पात्र होने के बावजूद उनके गांव से भी दर्जन भर लोगों के राशन कार्ड काट दिए गए हैं ।
ग्रामीणों ने इस पूरे प्रकरण को गंभीर बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की कि अपात्र व्यक्तियों की निष्पक्ष जांच कर उनके राशन कार्ड निरस्त किए जाएं तथा जिन पात्र लोगों के कार्ड काटे गए हैं, उन्हें पुनः बहाल कराया जाए।
यह भी पढ़ें: Korba: सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरे लोग, सुभाष चौक पर किया गया एक दिवसीय धरना प्रदर्शन

Editor in Chief




