हरियाणा
गुरुग्राम/स्वराज टुडे: गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच टीमों और दीपक नांदल के शूटरों के बीच सुशांत लोक फेस-दो इलाके में गुरुवार रात भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में चार अपराधी मारे गए, जबकि एक अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गया। मुठभेड़ में गुरुग्राम पुलिस के तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं।
बताया जाता है कि दीपक नांदल के शूटर एसजीटी यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे और पार्टनर विशाल बेरी के घर पर फायरिंग करने आए थे। उस समय विशाल बेरी घर पर ही मौजूद थे। इनसे एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी।

विशाल बेरी के घर पर फायरिंग कर रहे थे अपराधी
क्राइम ब्रांच को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी में हथियारबंद अपराधी सुशांत लोक इलाके में मौजूद हैं। टीम जब मौके पर पहुंची तो अपराधी विशाल बेरी के घर पर अत्याधुनिक हथियारों से फायरिंग कर रहे थे। बताया जा रहा है कि बेरी को विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल से रंगदारी के लिए लगातार धमकी भरे संदेश आ रहे थे।
क्राइम ब्रांच टीम ने अपराधियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने पुलिस पर ही जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।

पुलिस की फायरिंग में गाड़ी में सवार सभी पांच शूटर घायल हो गए। उन्हें तुरंत एक निजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने चार अपराधियों को मृत घोषित कर दिया। एक अपराधी का इलाज जारी है।
घायल तीन पुलिसकर्मियों को भी अस्पताल पहुंचाया गया
इस मुठभेड़ में घायल हुए तीन पुलिसकर्मियों को भी तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत स्थिर है और उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सूचना मिलते ही डीसीपी क्राइम और डीसीपी ईस्ट मौके पर पहुंचे। एफएसएल और क्राइम सीन टीम घटनास्थल से सबूत जुटा रही है। मौके से हथियार भी बरामद किए गए हैं।

गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि मृत और घायल अपराधियों की पहचान, उनके आपराधिक रिकॉर्ड और बरामद हथियारों की जानकारी जांच के बाद साझा की जाएगी।
यह भी पढ़ें: उरगा में अवैध उर्वरक भंडारण पर कृषि विभाग की कार्रवाई, 100 बोरी यूरिया जब्त

Editor in Chief




