राजस्थान
जयपुर/स्वराज टुडे: जयपुर के परकोटा क्षेत्र में हिंदू परिवारों के कथित पलायन और धर्मांतरण के मुद्दे को लेकर रविवार को युवा शक्ति मंच राजस्थान की ओर से विशाल भगवा आक्रोश रैली निकाली गई. रैली में देशभर से आए संत-महंतों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और आमजन शामिल हुए. आयोजकों ने पुराने जयपुर की सांस्कृतिक विरासत और हिंदू आबादी के पलायन को रोकने की मांग उठाई.
रैली की शुरुआत खोले के हनुमान जी मंदिर से हनुमान चालीसा के पाठ के बाद हुई. जयपुर सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा और जगद्गुरु रामभद्राचार्य के उत्तराधिकारी रामचंद्रदास महाराज ने भगवा झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया. इस दौरान पूरे मार्ग पर जय श्रीराम के जयघोष और भगवा ध्वज नजर आए.
पलायन और कथित धर्मांतरण का मुद्दा
रैली का मुख्य फोकस जयपुर के पुराने शहर से हिंदू परिवारों के कथित पलायन पर रहा. युवा शक्ति मंच के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सिंह शेखावत ने कहा कि मंच पिछले 13 वर्षों से समाज को जागरूक करने का काम कर रहा है. उन्होंने दावा किया कि परकोटा क्षेत्र के कुछ इलाकों में हिंदू परिवार अपने मकान बेचकर दूसरे स्थानों पर जाने को मजबूर हो रहे हैं.
शेखावत ने खास तौर पर रामगंज क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि यहां हिंदू परिवारों के मकान बेचकर जाने के मामले सामने आए हैं. उन्होंने कथित धर्मांतरण को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि पुराने शहरों से हिंदू आबादी का पलायन गंभीर विषय है. हालांकि, ये दावे आयोजकों की ओर से किए गए हैं.
2100 महिलाओं ने किया नेतृत्व
रैली में करीब 2100 महिलाओं ने सबसे आगे चलकर नेतृत्व किया. इसके पीछे बड़ी संख्या में आमजन पैदल शामिल हुए. आयोजकों के मुताबिक 10 हजार से ज्यादा दोपहिया और 500 से अधिक चौपहिया वाहन भी रैली में शामिल रहे.
रैली खोले के हनुमान जी मंदिर से गंगापोल रोड, जोरावर सिंह गेट, सुभाष चौक, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया, किशनपोल बाजार और अजमेरी गेट होते हुए रामनिवास बाग क्षेत्र तक पहुंची. रास्ते में एक दर्जन से ज्यादा स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर संतों और रैली में शामिल लोगों का स्वागत किया.
रैली का समापन रामनिवास बाग क्षेत्र में हुआ. यहां संतों और आयोजकों ने जयपुर की सांस्कृतिक विरासत को बचाने, पुराने शहर की पारंपरिक पहचान बनाए रखने और हिंदू परिवारों के कथित पलायन के मुद्दे पर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की बात कही.
यह भी पढ़ें: भारत के एक्शन लेते ही पाकिस्तान में मचा हड़कंप, हाफिज सईद की सुरक्षा में ISI ने झोंकी ताकत

Editor in Chief

















