छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिले में संचालित “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के अंतर्गत यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात थाना, कोरबा द्वारा लगातार सघन वाहन चेकिंग एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज शहर के विभिन्न स्थानों पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 11 नाबालिग वाहन चालक मोटरसाइकिल एवं स्कूटी चलाते हुए पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान 11 नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹22,000 का समन शुल्क अधिरोपित किया गया। साथ ही उनके अभिभावकों को सख्त समझाइश दी गई कि भविष्य में नाबालिगों को किसी भी प्रकार का मोटर वाहन न चलाने दें तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
कोरबा पुलिस ने बताया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण भी है। ऐसे मामलों में जागरूकता के साथ-साथ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
“सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। सड़क सुरक्षा के प्रति प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी ही दुर्घटनाओं में कमी लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
यह भी पढ़ें : हसौद थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर लगाम नहीं, थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
यह भी पढ़ें : शादी के दूसरे दिन दुल्हन ने दिया बच्ची को जन्म, ससुराल में मचा हड़कंप, दूल्हा बोला: मुझे धोखा मिला है

Editor in Chief





