छत्तीसगढ़
कोरबा-कटघोरा/स्वराज टुडे: आकांक्षी जिला कोरबा के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कटघोरा में जिला स्वास्थ्य विभाग, कोरबा द्वारा यूनिसेफ छत्तीसगढ़ एवं MCCR ट्रस्ट के सहयोग से गैर-संचारी रोगों (NCDs) पर विशेष स्वास्थ्य स्क्रीनिंग एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय स्तर पर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की शीघ्र पहचान, समय पर जांच एवं रेफरल को बढ़ावा देना तथा लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
शिविर के दौरान लगभग 97 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई जिसमें 2 सिकल सेल मरीज और 15 सिकल सेल के वाहक मिले। प्रतिभागियों को चिकित्सकीय परामर्श, प्रारंभिक जांच, स्वास्थ्य शिक्षा तथा आवश्यकता अनुसार रेफरल सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में विशेष रूप से सिकल सेल रोग, बाल मधुमेह (Type 1 Diabetes), जन्मजात हृदय रोग (CHD), मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पूर्ण टीकाकरण तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर समुदाय को जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा बच्चों में मधुमेह के शुरुआती लक्षणों—जैसे अत्यधिक प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, अचानक वजन कम होना एवं अत्यधिक कमजोरी—की जानकारी साझा की गई तथा ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी गई। साथ ही सिकल सेल रोग की समय पर स्क्रीनिंग, नियमित उपचार एवं निरंतर परामर्श के महत्व को भी सरल एवं व्यवहारिक भाषा में समझाया गया।
कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ताओं, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला समूहों एवं समुदाय के सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के शिविर समुदाय तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक पहचान सुनिश्चित करने तथा समय पर उपचार से जटिलताओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर रेफरल और परिवार स्तर पर जागरूकता बच्चों, महिलाओं एवं कमजोर वर्गों में गंभीर बीमारियों की रोकथाम और बेहतर प्रबंधन के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला स्वास्थ्य विभाग से डॉ. सूर्य नारायण केसरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, कोरबा के मार्गदर्शन में श्री पद्माकर शिंदे, जिला कार्यक्रम प्रबंधक,डॉ बी आर रात्रे जिला नोडल सिकल सेल,अरविंद भारती, जिला सलाहकार – सिकल सेल, विकासखंड स्तर से डॉ. रश्मिलता सिंह , खंड चिकित्सा अधिकारी, कटघोरा, श्री सितेश पाण्डेय, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक एवं चिरायु टीम के डॉ प्राची उपाध्याय, डॉ ज्योति बिंझवार, श्रीमती मनोज कंवर ,अच्युतानंद गुप्ता, ज्योति लाल, सुकृता एवं प्रेस का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. गजेंद्र सिंह, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, यूनिसेफ के नेतृत्व में यूनिसेफ टीम तथा डॉ. डी. श्याम कुमार एवं MCCR ट्रस्ट के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यह भी पढ़ें::हुमायूं कबीर के गाय की कुर्बानी वाले बयान पर बरसे मौलाना साजिद रशीदी, कहा- इस कठपतुली को जेल में डालो
यह भी पढ़ें::Raipur: CGPSC फिर विवादों में, अभ्यर्थियों ने लगाया अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप, हाइकोर्ट पहुंचा मामला
यह भी पढ़ें::सरयू नदी के तट पर दिखा खौफनाक मंजर, सास की चिता सजा रहे दामाद को खींच ले गया मगरमच्छ, ठगे से देखते रह गए लोग

Editor in Chief






