पुट्टपर्थी की पावन धरा पर सेवा दल कॉन्फ्रेंस (ऑल इंडिया) एवं शताब्दी जन्मोत्सव के दिव्य आयोजन में शामिल होने का मिला सौभाग्य
बिजुरी/स्वराज टुडे: भगवान श्री सत्य साई बाबा की असीम कृपा एवं दिव्य आशीर्वाद से अनूपपुर जिले के 23 भक्तों को आंध्र प्रदेश स्थित पुट्टपर्थी की पावन धरा पर आयोजित सेवा दल कॉन्फ्रेंस (ऑल इंडिया) एवं भगवान श्री सत्य साई बाबा के 101वें जन्मोत्सव के पावन कार्यक्रम में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
इस आध्यात्मिक यात्रा में बिजुरी से 11 पुरुष एवं 7 महिला तथा चचाई से 3 पुरुष एवं 2 महिला सहित अनूपपुर जिले के कुल 23 भक्तों ने सहभागिता की। यह यात्रा सभी भक्तों के लिए केवल एक धार्मिक भ्रमण नहीं, बल्कि स्वामी के दिव्य सानिध्य, प्रेम, भक्ति और सेवा भाव को निकट से अनुभव करने का एक अविस्मरणीय अवसर रही।

पुट्टपर्थी में आयोजित भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रमों, भजन-संकीर्तन एवं सेवा गतिविधियों में सम्मिलित होकर सभी भक्त भावविभोर हो उठे। प्रशांति निलयम की पावन भूमि पर बिताए गए ये क्षण उनके जीवन की अनमोल आध्यात्मिक स्मृतियों में सदैव अंकित रहेंगे।

कार्यक्रम में सहभागिता के पश्चात जब सभी भक्त वापस बिजुरी रेलवे स्टेशन पहुंचे, तो वहां उनका फूल-मालाओं एवं ढोल-नगाड़ों के साथ अत्यंत उत्साह, उल्लास और आत्मीयता से भव्य स्वागत किया गया। स्वागत के इस भावपूर्ण दृश्य ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भक्तों के आगमन पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं शुभचिंतकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

भक्तों का मानना है कि स्वामी के पावन धाम तक पहुंचना केवल यात्रा नहीं, बल्कि उनकी असीम कृपा और बुलावे का प्रसाद है। स्वामी का सानिध्य, उनका दिव्य प्रेम और मानव सेवा का संदेश प्रत्येक भक्त के जीवन को नई दिशा एवं प्रेरणा प्रदान करता है।
इस पावन अवसर पर सभी भक्तों ने भगवान श्री सत्य साई बाबा के श्रीचरणों में प्रार्थना की कि उनकी कृपा समस्त मानव समाज पर सदैव बनी रहे। सभी परिवारों में सुख, शांति, प्रेम, स्वास्थ्य एवं समृद्धि का वास हो तथा प्रत्येक व्यक्ति सेवा, भक्ति और मानवता के मार्ग पर निरंतर अग्रसर रहे।

साथ ही भक्तों ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे अपने जीवन में कम से कम एक बार अवश्य प्रशांति निलयम (पुट्टपर्थी) की पावन यात्रा करें और वहां की आध्यात्मिक ऊर्जा, अखंड भजन, निःस्वार्थ सेवा तथा स्वामी के दिव्य प्रेम का अनुभव प्राप्त करें।
स्वामी का बुलावा ही सबसे बड़ा सौभाग्य है और उनकी बताई सेवा एवं प्रेम की राह पर चलना ही जीवन की सच्ची सार्थकता है।
यह भी पढ़ें: Raipur: नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म एवं जबरन गर्भपात के आरोप में NIT पास आउट छात्र गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: कोरबा में युवा स्किन एंड हेयर क्लिनिक और आसना डायग्नोस्टिक्स का भव्य शुभारंभ 27 नवंबर को

Editor in Chief





















