बिहार
पटना/स्वराज टुडे: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में आयोजित भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता देशभर में चर्चा का विषय बनी हुई थी। इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से घुड़सवार अपने घोड़ों के साथ पहुंचे थे।
विजेता के लिए थार गाड़ी, दूसरे स्थान पर रहने वाले के लिए बाइक और तीसरे स्थान के लिए स्कूटी का इनाम रखा गया था। लेकिन भारी भीड़ के चलते यह चर्चित प्रतियोगिता रद्द कर दी गई और किसी भी घुड़सवार के हाथ कोई इनाम नहीं लगा।
क्यों रद्द हुई प्रतियोगिता?
दरअसल, बाढ़ अनुमंडल के बाढ़ थाना क्षेत्र के नदवां में 25 नवंबर को अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी का आयोजन किया गया था। इसी समारोह के दौरान घुड़सवार प्रतियोगिता भी रखी गई थी। प्रतियोगिता को लेकर घुड़सवारों और घोड़ों का जमावड़ा लगा था। दूर-दूर से आए प्रतिभागी अपने घोड़ों के साथ मुकाबले के लिए तैयार थे। इस आयोजन को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह था और बड़ी संख्या में दर्शक भी इसे देखने पहुंचे थे।

हालांकि, 25 नवंबर को शुरू हुई घुड़दौड़ में उमड़ी भारी भीड़ के कारण प्रतियोगिता को रद्द करना पड़ा। आयोजन स्थल पर माइक के जरिए घोषणा की गई कि यदि आगे घुड़दौड़ का आयोजन किया जाएगा तो इसकी सूचना दी जाएगी। इस घोषणा के साथ ही घुड़सवार प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे लोगों की उम्मीदों पर फिलहाल पानी फिर गया।
विजेता को मिलनी थी थार, दूसरे को बाइक और तीसरे को स्कूटी
सबसे ज्यादा चर्चा प्रतियोगिता में रखे गए इनामों की थी। पहले स्थान पर आने वाले घुड़सवार को महंगी थार गाड़ी, दूसरे स्थान के विजेता को बाइक और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटी मिलनी थी। लेकिन मुकाबला रद्द होने के कारण कोई भी इनाम किसी के हिस्से नहीं आया।

खाली पड़ा तबेला
अब आयोजन स्थल का नजारा पूरी तरह बदल चुका है। जिस तबेले में दो दिन पहले तक घोड़ों की टाप सुनाई दे रही थी, वह अब खाली पड़ा है। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए घुड़सवार अपने-अपने घोड़ों को लेकर वापस लौट चुके हैं। कुछ दिन पहले जहां घोड़ों की मौजूदगी और प्रतियोगिता की तैयारियों से रौनक थी, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है।

थार, बाइक और स्कूटी जीतने की उम्मीद लेकर पहुंचे घुड़सवारों के लिए यह आयोजन अधूरा ही रह गया। अब लोगों को इंतजार है कि क्या इस चर्चित घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन दोबारा होगा या फिर थार जीतने का सपना यूं ही अधूरा रह जाएगा।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों की बेटियों पर संकट, दस महीने में 84 अपहरण और जबरन निकाह के मामले आए सामने
यह भी पढ़ें: रायपुर के चाँद बेकरी में स्वास्थ्य विभाग का छापा, गंदगी देख भड़के अधिकारी, लगाया 10,000 रु का जुर्माना
यह भी पढ़ें: Raipur: नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म एवं जबरन गर्भपात के आरोप में NIT पास आउट छात्र गिरफ्तार

Editor in Chief





















