उत्तरप्रदेश
अयोध्या/स्वराज टुडे: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जीतेंद्र मिश्र ट्रस्ट की बैठक में जाने के दौरान पहले ही दिन मीडिया पर भड़क गए। ट्रस्ट की बैठक में शामिल होने जा रहे सीईओ जीतेंद्र मिश्र से जब मीडिया कर्मियों ने राम मंदिर को लेकर सवाल किए तो वह विचलित हो उठे और मीडिया कर्मियों को अंदर से आने से मना कर दिया। इसके बाद वह ट्रस्ट की बैठक में शामिल होने के लिए चले गए। सीईओ का ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सीईओ नियुक्त होने के बाद पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्र गुरुवार को पहली बार ट्रस्ट की बैठक में शामिल होने अयोध्या पहुंचे। रामघाट स्थित ट्रस्ट के श्री राम जन्मभूमि क्षेत्र कार्यालय में आयोजित होने वाली बैठक में शामिल होने से पहले मीडिया कर्मियों ने नवनियुक्त सीईओ से कुछ सवाल कर दिए। मीडिया कर्मियों का सवाल सुनते ही सीईओ भड़क गए। उन्होंने कहा, देखिए मैं आप सबको पहचान रहा हूं, दोबारा आने नहीं दूंगा। इतना कहने के बाद नवनियुक्त सीईओ बैठक के लिए निकल गए। सीईओ जीतेंद्र के इस कृत्य पर मीडिया कर्मियों ने नाराजगी जताई है। सूत्रों ने बताया कि मिश्र फिलहाल मंदिर ट्रस्ट कार्यालय में ठहरे हुए हैं और उनके दिन में ट्रस्ट की कुछ अन्य बैठकों में शामिल होने की उम्मीद है।
मीटिंग में क्या बोले जीतेंद्र मिश्र
बैठक के दौरान सीईओ जीतेंद्र मिश्र ने कहा, यह एक परिचयात्मक बैठक थी, जिसमें मैंने ट्रस्ट के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। मुझे अपनी भूमिका और जिम्मेदारियों को समझने में कुछ और दिन लगेंगे। इससे पहले उन्होंने कहा था, वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें जीवन में दो बार महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई-एक बार राष्ट्र सेवा करने की और अब भगवान राम तथा उनके भक्तों की सेवा करने की। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पश्चिमी वायुसेना कमान का नेतृत्व संभालने वाले एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जीतेंद्र मिश्र को बुधवार को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया था।
योजनाओं की रूपरेखा तैयार कर संगठन को समझेंगे
अयोध्या हवाई अड्डे पर ‘पीटीआई’ से बात करते हुए, मिश्र ने कहा कि वह नई जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद पहली बार अयोध्या आए हैं और अपनी योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने से पहले कार्यभार संभालेंगे और संगठन को समझेंगे। मिश्र ने कहा, ‘यह नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मैं पहली बार अयोध्या पहुंचा हूं। मुझे पहले जाने दीजिए, कार्यभार संभालने दीजिए और सब कुछ समझने दीजिए। इसके बाद सारी योजनाओं के बारे में आपको बताया जायेगा।’ उन्होंने चयन समिति और ट्रस्ट के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस नियुक्ति को भगवान राम के आशीर्वाद का परिणाम मानते हैं।
यह भी पढ़ें: Patna: पटना में शिक्षिका की गला रेतकर हत्या, अंदर से बंद कमरे में मिला शव, जांच के लिए SIT गठित
यह भी पढ़ें: गंगा खतरे के निशान से ऊपर, बाढ़-कटान का बढ़ा खतरा, हाई अलर्ट पर जिला प्रशासन

Editor in Chief















