पटना/स्वराज टुडे: पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां कैलूचक मोहल्ले में मंगलवार की देर रात धारदार हथियार से एक महिला शिक्षिका की गला रेतकर बदमाशों ने हत्या कर दी।
बुधवार को स्वजन ने उनका शव उनके मकान के एक कमरे में पाया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर लिया। फिलहाल घटना के कारण का पता नहीं चल सका था और पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।
कैलूचक निवासी ज्ञानचंद चौधरी गया के टेकारी में ग्रामीण कार्य विभाग में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्नी लक्ष्मी कुमारी पुनपुन प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सहवाजपुर में सहायक शिक्षिका थीं।
मंगलवार की रात वह अपने मकान में अकेली थीं। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने तेज हथियार से उनकी बाई कान और गला को काट दिया और उनकी हत्या कर दी।
अंदर से बंद था दरवाजा, बेड पर मिली लाश
इधर, बुधवार की सुबह जब ज्ञानचंद चौधरी ने अपनी पत्नी को कई बार फोन किया, लेकिन उनका फोन नहीं उठ सका। इसके बाद उन्होंने पत्नी के विद्यालय के प्राचार्य ब्रजेश कुमार से संपर्क किया, तो उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी बुधवार को विद्यालय नहीं गई है। इससे वे आशंकित हो अपने पुत्र गौरव कुमार को घर जाकर पता लगाने को कहा।
जब गौरव घर पहुंचा तो मकान का मुख्य दरवाजा समेत अन्य दरवाजे अंदर से बंद थे। वह सीढी के सहारे चारदीवारी फांद व कमरे की खिड़की तोड़ अंदर झांका तो उसकी मां कमरे में बेड पर पड़ी थी।
इसके बाद वह कमरे का दरवाजा तोड़ कमरे में पहुंचा तो मां का शव बिछावन पर पड़ा था और उसकी बाई कान से खून के रिसाव मिला था।
इसके बाद खबर पाकर मृतका के मायके वाले और फिर पति ज्ञानचंद चौधरी भी मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर मौके पर थानाध्यक्ष विवेक भारती और एसडीपीओ राघव दयाल भी पहुंचे। बाद मे पटना से मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम ने जांच के लिए नमूना संग्रह किया।
उसके बाद पुलिस ने शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया। फिलहाल घटना के कारण का पता नहीं चल सका था और पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।
अभी लिखित शिकायत नहीं
एसडीपीओ राघव दयाल ने बताया कि धारदार हथियार से महिला शिक्षिका की हत्या की गई है। उसकी बाई कान कटी हुई थी जिससे खून का रिसाव हुआ था। उन्होंने बताया कि फिलहाल घटना के कारण का पता नहीं चल सका है।
स्वजन ने फिलहाल लिखित शिकायत नहीं की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जांच को लेकर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया गया है और थानाध्यक्ष आसपास के सीसीटीवी कैमरे व अन्य स्रोतों से घटना की जांच कर रहे हैं।

Editor in Chief















