उत्तरप्रदेश
बस्ती/स्वराज टुडे: यूपी के बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र से गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक निजी विद्यालय में पढ़ाने वाली 26 वर्षीय शिक्षिका पर कक्षा 11 के नाबालिग छात्र को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगा है।
मामला कप्तानगंज थाना क्षेत्र के लोढ़वा गांव स्थित आरडी यादव पब्लिक स्कूल से जुड़ा है। छात्र के पिता जो इसी विद्यालय के प्रबंधक हैं, उन्होंने तहरीर दी है कि स्कूल में करीब एक साल से पढ़ा रही शिक्षिका रुपाली सोमवार सुबह करीब 7 बजे उनके 15-16 वर्षीय बेटे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई।
बेटे के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की। बाद में सहपाठी से जानकारी मिली कि शिक्षिका ही छात्र को अपने साथ ले गई है। इसके बाद पिता ने कप्तानगंज थाने में शिकायत दी। पुलिस ने 21 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे शिक्षिका के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की विवेचना एसआई सुनील कुमार तिवारी को सौंपी गई।
लखनऊ में मिले दोनों
सर्विलांस के जरिए लोकेशन लखनऊ में मिलने पर कप्तानगंज पुलिस की टीम रवाना हुई और देर रात दोनों को ढूंढ निकाला। नाबालिग छात्र को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया, मेडिकल कराया गया और काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक शिक्षिका ने छात्र से प्रेम होने और लखनऊ घूमने की बात स्वीकार की है। उसका बयान दर्ज कर विधिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश करने की तैयारी है।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में विधिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: हाथी ने युवक को कुचला, ट्रैक्टर को भी किया क्षतिग्रस्त, हाथियों के उत्पात से लोगों में भारी दहशत
यह भी पढ़ें: चक दे इंडिया! भारत की बेटियों ने चीन को बुरी तरह रौंदा, दीपिका की हैट्रिक से 6-2 से जीती टीम

Editor in Chief





















