नई दिल्ली/स्वराज टुडे: उत्तर प्रदेश में कॉलेज या यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए जरूरी खबर है. दाखिला लेने से पहले संस्थान की मान्यता और डिग्री जारी करने के अधिकार की जांच करना बेहद जरूरी है.
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की ओर से जारी सूची में देशभर के 32 ऐसे संस्थानों को शामिल किया गया है, जिन्हें मान्य डिग्री देने का अधिकार नहीं है. इनमें उत्तर प्रदेश के भी चार संस्थान शामिल हैं. ऐसे में छात्रों को एडमिशन लेने और फीस जमा करने से पहले इस सूची को जरूर देख लेना चाहिए.
दिल्ली के बाद यूपी में भी चार संस्थान
यूजीसी की सूची के मुताबिक, देश में सबसे ज्यादा 12 फर्जी विश्वविद्यालय दिल्ली में हैं. इसके बाद उत्तर प्रदेश में चार संस्थान इस सूची में शामिल हैं. इन संस्थानों से जारी डिग्रियों को मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों की डिग्री के बराबर नहीं माना जाएगा. इससे छात्रों को आगे की पढ़ाई और सरकारी या निजी क्षेत्र में नौकरी पाने के दौरान परेशानी हो सकती है. इसलिए किसी भी संस्थान के विज्ञापन, वेबसाइट या एजेंट के दावों पर भरोसा करने से पहले उसकी मान्यता की जांच जरूर करें.
यूपी के इन चार संस्थानों को सूची में किया गया शामिल
यूजीसी की आधिकारिक सूची में उत्तर प्रदेश के चार संस्थानों के नाम दर्ज हैं. छात्र और अभिभावक एडमिशन लेने से पहले इनके नाम और पते जरूर देख लें.
- गांधी हिंदी विद्यापीठ – प्रयाग, इलाहाबाद.
- नेताजी सुभाष चंद्र बोस यूनिवर्सिटी (ओपन यूनिवर्सिटी) – अचलताल, अलीगढ़.
- भारतीय शिक्षा परिषद – भारत भवन, मटियारी, चिनहट, फैजाबाद रोड, लखनऊ.
- महामाया टेक्निकल यूनिवर्सिटी – महारिषि नगर, सेक्टर 110, नोएडा.
ये चारों संस्थान यूजीसी की फरवरी 2026 में जारी फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची में शामिल हैं.
डिग्री देने का अधिकार सिर्फ अधिकृत संस्थानों को
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग अधिनियम, 1956 की धारा 22 के तहत भारत में डिग्री देने का अधिकार केवल कानून के तहत स्थापित विश्वविद्यालयों, धारा 3 के अंतर्गत डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा प्राप्त संस्थानों और संसद के विशेष कानून से अधिकृत संस्थानों को है. कोई भी संस्थान केवल अपने नाम में यूनिवर्सिटी शब्द जोड़कर मान्य डिग्री जारी नहीं कर सकता. इसलिए एडमिशन से पहले यह जांचना जरूरी है कि संबंधित संस्थान को डिग्री देने की कानूनी अनुमति मिली है या नहीं.
एडमिशन से पहले इन चार तरीकों से जांचें मान्यता
छात्र और अभिभावक किसी भी कॉलेज या यूनिवर्सिटी में फीस जमा करने से पहले इन चार बातों की जांच जरूर करें.
- यूजीसी की वेबसाइट देखें:ugc.gov.in पर जाकर मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों और फर्जी संस्थानों की सूची देखें.
- स्थापना से जुड़े दस्तावेज जांचें: पता करें कि संबंधित यूनिवर्सिटी केंद्र या राज्य सरकार के कानून के तहत स्थापित है या नहीं.
- कोर्स की मंजूरी की पुष्टि करें: मेडिकल के लिए NMC, लॉ के लिए BCI और तकनीकी कोर्स के लिए AICTE की जरूरी मंजूरी जांचें.
- पढ़ाई का माध्यम जांचें: ऑनलाइन या दूरस्थ शिक्षा (ODL) से कोर्स करने पर यूजीसी के डिस्टेंस एजुकेशन ब्यूरो (DEB) पोर्टल पर संबंधित विश्वविद्यालय और कोर्स की मान्यता जरूर देखें.
फर्जी यूनिवर्सिटी के झांसे में न आएं छात्र
यूजीसी की सूची में शामिल संस्थानों के पास मान्य डिग्री जारी करने का कानूनी अधिकार नहीं है. ऐसे संस्थानों में दाखिला लेने से छात्रों का पैसा और समय दोनों बर्बाद हो सकते हैं. इसलिए किसी भी कॉलेज या यूनिवर्सिटी में प्रवेश लेने से पहले उसकी मान्यता, कोर्स की मंजूरी और पढ़ाई के माध्यम की आधिकारिक वेबसाइट से पुष्टि जरूर करें. यूजीसी की सूची में देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कुल 32 संस्थान शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: IND-A vs PAK-A: भारत को पाकिस्तान के हाथों मिली करारी हार, कप्तान तिलक वर्मा की शतकीय पारी हो गई बेकार

Editor in Chief





















