मथुरा:/स्वराज टुडे: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक शादी समारोह के दौरान ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। गोवर्धन थाना क्षेत्र के गांव गांठोली में शुक्रवार रात बेटे की बरात में शामिल होने आए 62 वर्षीय ओमप्रकाश की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात का आरोप उनके छोटे दामाद सुखवीर पर लगा है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
बरात चढ़ने के दौरान झाड़ियों से आई चीख
जानकारी के मुताबिक, ओमप्रकाश मूल रूप से अलीगढ़ के बसाई गांव के रहने वाले थे। वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, तीन बेटे विनोद, अरविंद और सुनील के अलावा तीन बेटियां हैं।
शुक्रवार को उनके मझले बेटे अरविंद की शादी थी। इसी समारोह में शामिल होने के लिए ओमप्रकाश गांठोली गांव पहुंचे थे। सब्जी मंडी के पीछे बरात चढ़ने का कार्यक्रम चल रहा था। घर और आसपास खुशी का माहौल था। इसी दौरान सड़क किनारे झाड़ियों की तरफ से किसी के चीखने की आवाज सुनाई दी, लेकिन शादी की हलचल के बीच उस समय किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया।
कुछ देर बाद जब दूल्हे के भाई ने पिता को तलाशना शुरू किया तो वह कहीं नजर नहीं आए। परिजनों ने आसपास खोजबीन की तो ओमप्रकाश झाड़ियों में खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। उनका गला कटा हुआ था। आशंका जताई गई कि किसी धारदार हथियार से उनकी हत्या की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही शादी समारोह में चीख-पुकार मच गई।
पत्नी के छह महीने से मायके में रहने से नाराज था दामाद
परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, ओमप्रकाश के छोटे दामाद सुखवीर और उसकी पत्नी रेखा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रेखा करीब छह महीने से अपने मायके में रह रही थी। आरोप है कि सुखवीर शराब पीने का आदी था और इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
परिजनों का आरोप है कि सुखवीर ने पहले भी रेखा को धमकी देते हुए कहा था कि शादी होने दो, तुम्हारे पिता को सबक सिखा दूंगा। आशंका जताई जा रही है कि इसी पारिवारिक रंजिश के चलते उसने शादी समारोह के दौरान ओमप्रकाश की हत्या कर दी।
सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही गोवर्धन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आरोपी की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
बताया जा रहा है कि मोबाइल सर्विलांस के जरिए भी आरोपी की लोकेशन घटनास्थल के आसपास मिली है। फिलहाल पुलिस फरार दामाद की तलाश कर रही है। हत्या की असली वजह और घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पिता की हत्या के बाद भी निभानी पड़ी शादी की रस्में
इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। एक तरफ घर के मुखिया की हत्या से परिवार टूट चुका था, तो दूसरी तरफ बेटे की शादी की रस्में भी अधूरी थीं। ऐसे मुश्किल हालात में परिजनों ने भारी मन से शादी की रस्में पूरी करने का फैसला लिया।
शनिवार सुबह पूरे परिवार ने गमगीन माहौल में दूल्हा-दुल्हन के फेरे कराए। परिजनों के मुताबिक, शादी की तारीख पहले से तय थी और उसे टालना संभव नहीं था। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शहनाइयां बज रही थीं, वहां अब मातम और अपनों को खोने का दर्द पसरा हुआ था।
यह भी पढ़ें: Bilaspur: नाबालिग बच्ची का गर्भपात कराने एवं भ्रूण को नष्ट करने वाली महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह गिरफ्तार

Editor in Chief





















