छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: शहर की जंगल कॉलोनी में उस समय घर के लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया, जब एक घर के अंदर अलमारी के नीचे बेहद जहरीला सांप कॉमन करैत (घोड़ा करैत) दिखाई दिया। सांप को देखते ही परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि समय रहते घर के सदस्यों की नजर सांप पर पड़ गई, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
जानकारी के अनुसार, जंगल कॉलोनी निवासी ध्रुव प्रजापति के घर में अलमारी के नीचे एक कॉमन करैत सांप छिपकर बैठा हुआ था। घर के लोगों की नजर अचानक सांप पर पड़ी तो वे घबरा गए। सांप की पहचान होने के बाद परिवार ने बिना देरी किए वन विभाग एवं RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) की टीम से संपर्क किया।
सूचना मिलते ही RCRS के अध्यक्ष अविनाश यादव मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अलमारी के नीचे छिपे सांप को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन अविनाश यादव ने सूझबूझ और आवश्यक सावधानियों के साथ कॉमन करैत का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया।
समय रहते रेस्क्यू टीम के पहुंचने और सांप को सुरक्षित बाहर निकालने से घर के सभी सदस्यों ने राहत की सांस ली। यदि परिवार की नजर समय पर सांप पर नहीं पड़ती या कोई अनजाने में उसके संपर्क में आ जाता, तो गंभीर हादसा हो सकता था।
बेहद जहरीला होता है कॉमन करैत
कॉमन करैत भारत के अत्यंत विषैले सांपों में से एक है। यह अक्सर घरों के कोनों, सामानों के पीछे, अलमारी के नीचे और अन्य सुरक्षित स्थानों में छिपा हुआ मिल सकता है। रात के समय इसकी सक्रियता अधिक होती है। कई बार लोग अनजाने में इसके नजदीक पहुंच जाते हैं, जिससे खतरा बढ़ सकता है।
वन विभाग or RCRS की आम लोगों से अपील
वन विभाग और RCRS की टीम ने लोगों से अपील की है कि घर में सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और न ही उसे मारने या खुद पकड़ने का प्रयास करें। सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा बच्चों और पालतू जानवरों को उससे दूर रखें। तुरंत वन विभाग एवं प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
याद रखें, सांप दिखाई देने पर डंडा नहीं, फोन उठाएं और रेस्क्यू टीम को कॉल करें।
सांप दिखे तो RCRS को कॉल करें – आपकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी।
RCRS Helpline:
9827917848
9009996789
7987957958
SAVE ANIMALS SAVE NATURE.
यह भी पढ़ें: ट्रेन में मोबाइल के तेज रिंगटोन बजने पर जुर्माना; रेलवे ने जारी किया नया नियम

Editor in Chief





















