उत्तरप्रदेश
सोनभद्र/स्वराज टुडे: रॉबर्ट्सगंज नगर टाउन एरिया के प्रथम चेयरमैन बद्रीनारायण केसरवानी द्वारा लगभग 124 वर्ष पूर्व शुरू की गई ऐतिहासिक रामलीला की समृद्ध परंपरा इस वर्ष भी पूरी भव्यता के साथ आयोजित होने जा रही है। सोनभद्र नगर की इस सुप्रसिद्ध रामलीला का शुभारंभ आगामी 8 अक्टूबर दिन गुरुवार रात्रि 08 बजे से मुकुट पूजन के साथ किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर बुधवार की देर रात श्री रामलीला मैदान के सभागार में श्रीराम लीला समिति की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता पवन जैन ने की तथा संचालन प्रमोद गुप्ता द्वारा किया गया।

बैठक के दौरान संचालक प्रमोद गुप्ता ने वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का पूर्ण ब्यौरा प्रस्तुत किया, जिसमें बांके बिहारी मंदिर की सेवा, रामलीला मंचन के दौरान हुए व्यय, पुजारी जी के वेतन तथा मंदिर में वर्ष भर आयोजित कार्यक्रमों पर हुए खर्च शामिल रहे, जिसे उपस्थित पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सर्वसम्मति से पारित किया। चर्चा के दौरान संरक्षक जितेंद्र सिंह ने 124 वर्ष पुरानी इस परंपरा के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नगरवासियों के निरंतर सहयोग से ही यह आयोजन सफल होता आ रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के इस दौर में लीला मंचन के स्वरूप के साथ-साथ खर्च भी बढ़े हैं, जिसके कुशल प्रबंधन के लिए समाज के और अधिक सहयोग की आवश्यकता है। बैठक में रामलीला मैदान के रखरखाव, साफ-सफाई तथा लीला प्रेमियों के बैठने एवं व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

संरक्षक जितेंद्र सिंह द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा के अनुसार, मुकुट पूजन से प्रारंभ होकर मंचन के दौरान नारद मोह, रावण जन्म, प्रभु श्रीराम जन्मोत्सव, महर्षि विश्वामित्र आगमन, ताड़का वध, अहिल्या उद्धार, जनकपुरी फुलवारी, धनुष यज्ञ व लक्ष्मण-परशुराम संवाद, श्रीराम-जानकी विवाह व राज्याभिषेक की घोषणा, दशरथ-वचन, श्रीराम वन गमन, केवट प्रसंग, दशरथ मरण, शूर्पणखा नसिकोच्छेदन, खर-दूषण वध, सीता हरण, शबरी प्रसंग, सुग्रीव मित्रता, बाली वध, लंका दहन, सेतु निर्माण, अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति, कुंभकर्ण-मेघनाद वध और विजयादशमी के दिन भव्य रावण दहन का मंचन किया जाएगा। इसके उपरांत श्रीराम दल की भव्य शोभायात्रा, अयोध्या वापसी तथा श्रीराम राज्याभिषेक का आयोजन होगा।
विशेष रूप से ऐतिहासिक भरत मिलाप का आयोजन विजयादशमी के दिन रात्रि 8 बजे से मां शीतला धाम चौक पर अत्यंत भव्य एवं अलौकिक तरीके से संपन्न कराया जाएगा।
अंत में अध्यक्ष पवन जैन ने बैठक उपस्थित सभी दानदाताओं, सदस्यों व नगर के संभ्रांत नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कृष्ण मुरारी गुप्ता, डॉ. धर्मवीर तिवारी, हरीश अग्रवाल, राकेश गुप्ता, संगम गुप्ता, रविन्द्र केशरी, मनीष खंडेलवाल, सुशील पाठक, घनश्याम सिंघल, धर्मराज जैन, चंद्रभान अग्रवाल, प्रशांत जैन, दिनेश गुप्ता, नरेंद्र गर्ग, मिठाई लाल, चन्दन केशरी, मनोज जालान, रामप्रसाद यादव, किशोरी सिंह, राज नारायण तिवारी, अनिल द्विवेदी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: मौत से पहले लिखा – ‘मां मेरा अंतिम समय है, तुम लोगों को कोई परेशान करे तो जहर खाकर मर जाना’
यह भी पढ़ें: बालाघाट पहुंचे राहुल गांधी: मृत आदिवासी बच्चों के परिजनों से की मुलाकात, कहा- आदिवासी इस देश के असली मालिक
यह भी पढ़ें: क्या सच में बाजार में बिक रहे हैं प्लास्टिक के अंडे ? FSSAI ने बताया पानी वाला सिंपल टेस्ट, तुरंत खुलेगी पोल

Editor in Chief

