हैदराबाद/स्वराज टुडे: IPS ट्रेनी उदय कृष्ण रेड्डी पर अपने ही बैच की एक महिला IPS प्रोबेशनर का यौन उत्पीड़न करने का आरोप है. आरोप सामने आने के बाद उन्होंने कथित तौर पर खुद की जान लेने की कोशिश की. वो फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं.
हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है कि यह खुद की जान लेने की कोशिश ही थी, या कुछ और. ये मामला हैदराबाद की सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस अकादमी (SVPNPA) का है, जहां कुछ दिन पहले एक महिला IPS प्रोबेशनर ने उदय कृष्ण पर मारपीट, स्टॉकिंग, आपराधिक धमकी और बिना सहमति के प्राइवेट वीडियो रिकॉर्ड करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक़, 19 जुलाई की शाम उदय कृष्ण रेड्डी हैदराबाद में अपने एक दोस्त के घर गए थे. सूत्रों का कहना है कि वहीं पर उन्होंने खुद की जान लेने की कोशिश की, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनकी हालत पर नज़र रखी जा रही है. SVPNPA के अधिकारियों ने भी अस्पताल जाकर डॉक्टरों से उनकी मेडिकल सिचुएशन की जानकारी ली.
महिला IPS प्रोबेशनर ने क्या आरोप लगाए थे?
इससे कुछ दिन पहले 30 साल की एक महिला IPS प्रोबेशनर ने हैदराबाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि जून महीने के दौरान कई मौकों पर उदय कृष्ण रेड्डी ने उनका पीछा किया, उन्हें प्रताड़ित किया, धमकाया और बिना उनकी सहमति के उनका एक प्राइवेट वीडियो रिकॉर्ड किया.
महिला ने आरोप लगाया कि उदय कृष्ण रेड्डी उन्हें WhatsApp पर सेक्सुअली अब्यूसिव मैसेज भेजते थे और दूसरे IPS प्रोबेशनर्स के सामने उनके बारे में अपमानजनक बातें कहते थे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उदय कृष्ण बार-बार उन पर किसी दूसरे ट्रेनी के साथ रिश्ते में होने का आरोप लगाते थे, उसे कुबूल करने का दबाव बनाते थे और गाली-गलौच करते थे.
शिकायत के मुताबिक़, एक बार उदय ने उनका मोबाइल जबरन ले लिया. उन्हें फोन अनब्लॉक करने के लिए मजबूर किया. उनके प्राइवेट चैट देखे और फिर मोबाइल अपने कमरे में ले जाकर पासवर्ड भी बताने के लिए दबाव बनाया. IPS ट्रेनी महिला ने एक और गंभीर आरोप लगाया कि एक मौके पर रेड्डी ने उन्हें जबरन अपने कमरे में खींच लिया, उनके बाल खींचे, मारपीट की, गला दबाने की कोशिश की, उनकी गर्दन पर चाकू रखा और कमरे से बाहर नहीं जाने दिया. महिला का आरोप है कि 10 जुलाई को भी रेड्डी ने उनके साथ एक और बार मारपीट की और उन्हें अनुचित तरीके से छूने की कोशिश की.
सबसे गंभीर आरोप ये है कि उदय कृष्ण ने बिना उनकी सहमति के उनका एक प्राइवेट वीडियो रिकॉर्ड किया. बाद में कथित तौर पर उन्हें ब्लैकमेल करने के इरादे से वह वीडियो उदय ने उनके पति को भेज दिया. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि रेड्डी ने उनकी गरिमा खराब करने के लिए उनके बारे में झूठी और अपमानजनक बातें भी फैलाईं. इन आरोपों के आधार पर हैदराबाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
IPS ट्रेनी उदय कृष्ण रेड्डी का क्या कहना है?
अस्पताल पहुंचने से पहले उदय कृष्ण रेड्डी ने दो पन्नों का एक नोट छोड़ा. इसमें उन्होंने महिला के सभी आरोपों से इनकार किया है. रेड्डी का दावा है कि जून 2025 से दोनों के बीच प्रेम संबंध था और महिला की शादी के बाद भी उनका रिश्ता शारीरिक और भावनात्मक रूप से जारी रहा. उनका कहना है कि महिला ही बार-बार उनके कमरे में आती थीं और उन्होंने सिर्फ़ सबूत के तौर पर वीडियो रिकॉर्ड किया था. नोट में उन्होंने लिखा,
“मैं, उदय कृष्ण रेड्डी और (महिला) जून 2025 से रिश्ते में थे. उनकी शादी के बाद भी हमारा रिश्ता फ़िज़िकल और इमोशनल, दोनों तरह से जारी रहा. वही मेरे कमरे में आती थीं और उन्होंने ही झगड़ा शुरू किया. मैंने सिर्फ़ सबूत के तौर पर वीडियो रिकॉर्ड किया. मैंने सिर्फ़ अपने डिफेंस में प्रतिक्रिया दी. इसका वीडियो प्रूफ़ मौजूद है.”
रेड्डी ने अपने नोट में आगे ये भी दावा किया,
“9 जुलाई को वही मेरे कमरे में आईं. उन्होंने कहा कि उन्हें सबन्ध बनाने की तीव्र इच्छा हो रही है. उन्होंने बिना मेरी सहमति के मुझे किस किया और गले लग गईं. इसलिए मैंने सबूत के तौर पर वीडियो रिकॉर्ड किया और उनके पति को भेज दिया, क्योंकि मैं पहले भी उन्हें कई बार मेरे कमरे में आने से मना कर चुका था.”
रेड्डी का यह भी इल्ज़ाम है कि बाद में महिला ने पूरे घटनाक्रम को तोड़-मरोड़ दिया और उनके दोस्तों के उकसाने पर शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने अपने नोट में महिला, उनके पति और दो अन्य लोगों के खिलाफ़ कार्रवाई की भी मांग की है. फिलहाल, पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत और रेड्डी के दावों, दोनों की जांच की जा रही है. जांच में जो भी सबूत सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: Korba: सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरे लोग, सुभाष चौक पर किया गया एक दिवसीय धरना प्रदर्शन
यह भी पढ़ें: छेड़छाड़ मामले में पुलिस ने आरोपी को दी क्लीनचिट, तो टावर पर चढ़ी गई युवती; पुलिस के हाथ-पांव फूले

Editor in Chief




