छत्तीसगढ़
अम्बिकापुर/स्वराज टुडे: सरगवां सब स्टेशन से विद्युत आपूर्ति प्राप्त करने वाले ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से प्रतिदिन 7 से 8 घंटे तक हो रही बिजली कटौती से आमजन का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार बिजली बंद रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग द्वारा समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली बंद रखी जाती है, लेकिन व्यवस्था में कोई सुधार दिखाई नहीं देता। इससे किसानों, विद्यार्थियों, छोटे व्यापारियों तथा आम उपभोक्ताओं को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही के कारण यह समस्या लगातार बनी हुई है। यदि वास्तव में मेंटेनेंस कार्य किया जा रहा है, तो उसके बाद भी प्रतिदिन घंटों बिजली गुल रहने का कारण विभाग को सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करना चाहिए।
इस संबंध में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के वरिष्ठ अधिकारियों, मुख्यमंत्री कार्यालय तथा संबंधित विभागों को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजकर तत्काल हस्तक्षेप एवं कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और अनावश्यक बिजली कटौती बंद नहीं हुई, तो क्षेत्र के ग्रामीण लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित विद्युत विभाग की होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं बिजली विभाग से मांग की है कि सरगवां सब स्टेशन क्षेत्र में निर्बाध एवं नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।

Editor in Chief




