छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: कोरबा जिले के दर्शनीय रमणीय पिकनिक स्थल सतरंगा कारीघाट से पिकनिक मनाकर लौट रहे युवकों का ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गया। उक्त घटित हादसे में खरमोरा निवासी 20 वर्षीय सत्यम यादव नामक युवक के मृत होने की पुष्टि की गयी हैं, जबकि 7 से अधिक युवक के घायल हो जाने की बात कही जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार घायलों में 19 वर्षीय विष्णु कंवर, 22 वर्षीय भवानी कंवर, 23 वर्षीय नीरज कुमार, 20 वर्षीय वासु कंवर सहित अन्य शामिल हैं। सभी को पहले बालको चिकित्सालय और फिर गंभीर हालत वाले युवकों को मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय रेफर किया गया।
घायल वासु कंवर नामक व्यक्ति ने जानकारी देते हुए बताया कि ऑटो में करीब 10 लोग सवार थे। सतरंगा मुख्य मार्ग पर पुल के नीचे ऑटो एकाएक अनियंत्रित हो खाई में जा गिरा। हादसे के बाद कुछ युवक ऑटो में दब गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला। सूचना मिलते ही परिजन चिकित्सालय पहुंचे।
जिला अस्पताल चौकी पुलिस को अस्पताल प्रबंधन ने मेमो भेजा है। बालको पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कार्यवाही जारी हैं। सभी युवक सिविल लाइन थाना क्षेत्र खरमोरा बस्ती के रहने वाले बताये जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे बस्ती में शोक का माहौल व्याप्त है। घायलों को निजी वाहनों से चिकित्सालय पहुंचाया गया।

Editor in Chief






