भारत मंडपम, नई दिल्ली में 14 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित (इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 2026) में जैविक एवं स्थानीय कृषि उत्पादों को मिला राष्ट्रीय बाजार का मंच
नई दिल्ली/स्वराज टुडे: नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित (इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF-2026) दिनांक 14 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस मेले में देशभर से आए कृषक उत्पादक संगठनों (FPOs) ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के दो जिलों कोरबा एवं दंतेवाड़ा के FPOs को भी अपने स्थानीय एवं जैविक कृषि उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन के लिए स्टॉल उपलब्ध कराया गया है।

भारत सरकार की इस पहल का प्रमुख उद्देश्य स्थानीय एवं जैविक कृषि उत्पादों की आकर्षक पैकेजिंग, ब्रांडिंग तथा बेहतर बाजार उपलब्ध कराकर किसानों की आय में वृद्धि करना है। इस मंच के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। मेले में ईरान, अफगानिस्तान एवं थाईलैंड सहित विभिन्न देशों के उत्पाद एवं प्रतिनिधियों की उपस्थिति भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
छत्तीसगढ़ के कोरबा एवं दंतेवाड़ा जिलों के FPOs ने अपने क्षेत्र के विशिष्ट सुगंधित धान एवं अन्य स्थानीय कृषि उत्पादों को प्रदर्शित कर प्रदेश की कृषि विविधता और जैविक खेती की संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया है। विशेष रूप से कोरबा जिले के महामाया समूह के FPO द्वारा लगाए गए स्टॉल पर सुगंधित चावल, ब्लैक राइस, काजू, चीनी शक्कर चावल, रामजीरा चावल एवं अन्य स्थानीय उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
सुगंधित धान से तैयार चावल की उत्कृष्ट गुणवत्ता, विशिष्ट खुशबू तथा आकर्षक पैकेजिंग को देखकर मेले में आने वाले ग्राहक काफी उत्साहित हैं। अनेक आगंतुक इन उत्पादों की गुणवत्ता, उत्पादन प्रक्रिया, जैविक खेती की पद्धतियों एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। स्टॉल पर उपभोक्ताओं को जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए अपनाई जा रही तकनीकों तथा इन उत्पादों के पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी विशेषताओं की जानकारी भी दी जा रही है।
इस आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ के किसानों को अपने पारंपरिक एवं विशिष्ट कृषि उत्पादों के लिए बड़े बाजार तक पहुंच बनाने, उपभोक्ताओं से सीधे जुड़ने तथा उत्पादों की बेहतर कीमत प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। भविष्य में इस प्रकार के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच किसानों और FPOs को आत्मनिर्भर बनाने तथा स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
दंतेवाड़ा जिले से सहायक संचालक कृषि श्री भोला लाल पैंकरा, कोरबा जिले की ओर से इस आयोजन में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री संजय पटेल, महामाया FPO के संचालक श्री इतवारी प्रसाद बंजारे एवं जैविक खेती करने वाले प्रगतिशील किसान श्री विजय सिंह कंवर सहभागिता कर रहे हैं।
IITF-2026 में कोरबा एवं दंतेवाड़ा के कृषि उत्पादों को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया से यह उम्मीद जगी है कि छत्तीसगढ़ के सुगंधित धान एवं जैविक उत्पाद आने वाले समय में देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेंगे।
यह भी पढ़ें: IPL के इतिहास में होने जा रहा सबसे बड़ा बदलाव! 3 महीने तक चलेगा टूर्नामेंट, ICC ने तैयार किया मेगा प्लान
यह भी पढ़ें: New Delhi :अब प्राइवेट टीचर भी बनेंगे जनगणना कर्मचारी; आवेदन, सैलरी, काम और कानूनी अधिकार…. जानिए नए नियम

Editor in Chief





















