छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: पुलकदई नदी में मछली के लिए जाल फेंकते समय पिता गहरे पानी में जा गिरा। अपने पिता को डूबते देख पुत्र ने भी नदी में छलांग लगा दी। वह किसी तरह पिता को नदी के बाहर तो ले आया, लेकिन उसकी जान नही बचा सका। जब तक युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, देर हो चुकी थी। उसे चिकित्सको ने परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार रजगामार पुलिस चौकी अंतर्गत श्यामनगर बस्ती में राजकुमार खैरवार 45 वर्ष निवास करता था। वह कारपेंटर का काम कर परिवार का भरण पोषण करता था। शनिवार को वह दोपहर करीब 2 बजे जाल लेकर मत्स्याखेट के लिए पुलकदई नदी की ओर चला गया। उसके काफी देर तक घर नही लौटने पर परिजनों को चिंता सताने लगी। उसका पुत्र संदीप खैरवार पिता की खोजबीन के लिए निकला। वह पतासाजी करते नदी से लौट रहा था। इसी दौरान उसे आवाज सुनाई दी। उसने नदी के समीप जाकर देखा तो राजकुमार गहरे पानी में डूब रहा था। अपने पिता की जान सांसत में देख संदीप ने भी नदी में छलांग लगा दी। वह किसी तरह पिता को नदी से बाहर ले आया। उसने पिता की जान बचाने हर संभव प्रयास किया।
करीब आधे घंटे बाद कुछ लोग मौके पर पहुंचे, जिनकी मदद से बाइक में बिठाकर राजकुमार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, तब तक काफी देर हो चुकी थी। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चिकित्सको ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। बहरहाल अस्पताली मेमों के आधार पर पुलिस ने वैधानिक कार्यवाही की है।
यह भी पढ़ें:सहायक शिक्षक के 2292 पदों पर निकली बंपर भर्ती, आवेदन की अंतिम तिथि 21 अगस्त

Editor in Chief





