इंदौर/स्वराज टुडे: इंदौर के बायपास पर रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ बाइक से जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
पुलिस के मुताबिक, 32 वर्षीय रेखा अपने पति मनीराम के साथ बाइक से जा रही थीं। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के बायपास पर होमगार्ड मैदान के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में रेखा को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक को टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
पत्नी के शव को गोद में लेकर रोता रहा पति
हादसे के बाद का मंजर बेहद भावुक कर देने वाला था। पति मनीराम ने पत्नी के शव को सड़क किनारे ले जाकर गोद में रखा और उसे सीने से लगाकर रोता रहा। वह बदहवास हालत में अपने परिजनों को फोन कर हादसे की जानकारी देता रहा।
मौके पर मौजूद लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो वे भी भावुक हो गए। राहगीरों ने हादसे की सूचना तेजाजी नगर पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर रेखा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया । वहीं दुर्घटनाकारित अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
यह भी पढ़ें: Chandigarh: जिस बेटे का 20 दिन पहले कर दिया अंतिम संस्कार, वो जेल में जीवित मिला, आखिर किसका था वो शव ?
यह भी पढ़ें: चलते ट्रक में सफर कर कोरबा पहुंचा दुर्लभ फ्लाइंग स्नेक, समय रहते हुआ सुरक्षित रेस्क्यू
यह भी पढ़ें: राजस्थान में हिंदुओं के पलायन के खिलाफ प्रदर्शन, जयपुर में निकाली गई विशाल ‘भगवा रैली’

Editor in Chief















