छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: महान पार्श्वगायक स्वर्गीय किशोर कुमार की जयंती के उपलक्ष्य में सरगम म्यूजिकल ग्रुप द्वारा साहित्य भवन, कोरबा में “ये शाम मस्तानी” एक शाम किशोर के नाम संगीतमय संध्या का आयोजन किया गया। शाम 6:00 बजे से रात्रि 11:00 बजे तक चले इस कार्यक्रम में किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोरबा के निर्विरोध निर्वाचित पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में साहित्य भवन के अध्यक्ष श्री दिलीप अग्रवाल, भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री श्रीमती हेमलता शर्मा तथा जिला परियोजना अधिकारी श्रीमती ज्योति शर्मा उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि श्री नरेंद्र देवांगन ने कहा कि संगीत से जुड़े लोग हमेशा हंसते मुस्कुराते रहते हैं और जीवन को उत्साह के साथ जीते हैं इसलिए संगीत सभी के दिलों में रहना चाहिए ।
इसके बाद उन्होंने किशोर कुमार का एक बेहतरीन नगमा “नीले-नीले अंबर पर चाँद जब आए” गीत प्रस्तुत कर खूब तालियाँ बटोरीं। वहीं विशिष्ट अतिथि श्रीमती हेमलता शर्मा ने श्री संदीप शर्मा के साथ “हाल कैसा है जनाब का” युगल गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।

कार्यक्रम में रश्मि चौबे, एन. के. त्रिपाठी, सरोज सोनी, संदीप शर्मा, चिंतन ओट्टालवार, पी. के. दत्ता, बसंत राणा, जयंत चंद्रा, मनोज अग्रवाल, सुनील रंजन साहू, ओम प्रकाश रात्रे, चित्रलेखा राव, शैलेश चौधरी, नवीन शर्मा, सुनील मानिकपुरी, प्रिया महंत, जितेंद्र बघेले,लेखराम पटेल, संजीव राय एवं शैलेश गुप्ता सहित सभी कलाकारों ने किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की शानदार प्रस्तुतियाँ देकर समां बाँध दिया। प्रत्येक प्रस्तुति पर श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

पूरे आयोजन के दौरान साहित्य भवन खचाखच भरा रहा और संगीत प्रेमी देर रात तक सुरों की इस अविस्मरणीय संध्या का आनंद लेते रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन सरगम म्यूजिकल ग्रुप के डायरेक्टर संदीप शर्मा ने किया।
सभी अतिथियों ने कलाकारों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। अंत में सभी कलाकारों ने समूह गीत के रूप में ये शाम मस्तानी मदहोश किए जाए गीत की प्रस्तुति दी। आभार प्रदर्शन ज्योति शर्मा ने किया।
यह भी पढ़ें: पूर्व पुलिस AIG अनिल मिश्रा को उम्रकैद, दुष्कर्म और नाबालिग से छेड़छाड़ मामले में पॉक्सो कोर्ट का बड़ा फैसला

Editor in Chief





