बिहार
मधुबनी/स्वराज टुडे: मधुबनी जिला कांग्रेस कार्यालय में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महाअभियान ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ को लेकर मधुबनी जिला पश्चिमी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं AICC द्वारा नियुक्त केंद्रीय पर्यवेक्षक श्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में बैठक की गई। कार्यक्रम की शुरुआत में केंद्रीय पर्यवेक्षक श्री जयसिंह अग्रवाल को मिथिला की समृद्ध परंपरा के अनुसार पाग, दोपट्टा और माला पहनाकर उनका आत्मीय व भव्य स्वागत-अभिनंदन किया गया।

श्री अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं से सीधा संपर्क स्थापित करें, मतदाता सूची में नामों की जांच के लिए नागरिकों को जागरूक करें तथा जिन पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल नहीं हैं, उन्हें निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने यह भी कहा कि मतदाता सूची से संबंधित किसी भी शिकायत के मामले में तथ्यों एवं अभिलेखों का सत्यापन करते हुए कानूनी और निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं का पालन किया जाना चाहिए।
बैठक में आगामी 01 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम को लेकर भी विशेष रणनीति तय की गई। इस दौरान चर्चा हुई कि मधुबनी जिला पश्चिमी से अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की भागीदारी किस प्रकार सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यक्रम को ऐतिहासिक और प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में मुख्य रूप से ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत जिला, प्रखंड, मंडल और पंचायत स्तर तक कमेटियों के गठन तथा संगठन को सशक्त बनाने को लेकर गंभीर मंथन हुआ। जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना देवी कुशवाहा ने क्षेत्र में संगठन सृजन के माध्यम से नवनियुक्त सभी प्रखंड अध्यक्षों का औपचारिक परिचय AICC पर्यवेक्षक श्री जयसिंह अग्रवाल से कराया और जिले में चल रहे संगठनात्मक कार्यों की प्रगति से उन्हें अवगत कराया।
पर्यवेक्षक श्री जयसिंह अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को जमीनी स्तर, विशेष रूप से पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया और पश्चिम जिला कांग्रेस द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। बैठक में इंजीनियर परमेश्वर मेहरा, महंत गोपाल दास, इंजीनियर अनुवाद सिंह, जयनगर प्रखंड अध्यक्ष सुरेंद्र महतो, मुकेश कुमार झा, पप्पू, विपिन कुमार झा, खजौली प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार, बासोपट्टी प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद अब्दुल्ला, माधवपुर अध्यक्ष रामउधर यादव, मुनेंद्र झा, राजीव शेखर झा, जिला कांग्रेस किसान अशोक चौरसिया, जेडी मोहम्मद, रामकुमार ठाकुर, मुकेश कुशवाहा, मोहम्मद साबिर, राम बहादुर यादव, विवेकानंद भंडारी सहित भारी संख्या में सक्रिय कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: कोरबा में कांग्रेस की प्रेस से मुलाकात, ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर जनसमर्थन की अपील
यह भी पढ़ें: आत्मानंद स्कूल के नाम पर 1.32 करोड़ का DMF घोटाला: तत्कालीन जनपद CEO समेत 9 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

Editor in Chief

