छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: शहर के बुधवारी बायपास मार्ग पर 6-7 जून की दरमियानी रात हुए सनसनीखेज हमले में गंभीर रूप से घायल सहायक उप निरीक्षक रामनारायण रात्रे के इकलौते पुत्र चंद्रमणि उर्फ दादू की उपचार के दौरान मौत हो गई। उसे रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था।
बताया जा रहा है कि घटना की रात बोलेरो वाहन से चंद्रमणि को कुचलकर जानलेवा हमला किया गया था। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया था। लगातार छह दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद आखिरकार उसने दम तोड़ दिया।
चंद्रमणि की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्रवासियों में गहरा शोक व्याप्त है। घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश भी देखा जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की गंभीर वारदात के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना को लेकर शहरवासियों में दहशत का माहौल है। अब ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो महानगरों की तर्ज पर शांतिप्रिय ऊर्जाधानी कोरबा में गुंडाराज शुरू हो गया है । हैरानी की बात यह है कि दबंगई दिखाते हुए बोलेरो में सवार बदमाशों ने अपने वाहन से कुचलकर घर के इकलौते चिराग को बुझा दिया, वो अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
यह भी पढ़ें: ऑटो सवार महिला से ऑटो चालक और उसके दोस्त ने की छेड़छाड़, मुठभेड़ में घायल मुख्य आरोपी गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: Varanasi: आधी रात गरजा बाबा का बुलडोजर, महज 22 मिनट में ढहाई गई 42 फीट ऊंची ‘अजगैब शहीद मस्जिद’

Editor in Chief





