नई दिल्ली/स्वराज टुडे: एक्सेस हेल्थकेयर के संस्थापक और वाइस चेयरमैन वर्धमान जैन इन दिनों चर्चा में हैं। उन्होंने अपनी पत्नी राधिका जैन के साथ तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को 121 किलो सोने के आभूषण और हीरे दान किए हैं, जिसकी कीमत करीब 208 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
चेन्नई के रहने वाले कारोबारी ने गुरुवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में भगवान वेंकटेश्वर को यह दान दिया। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, तिरुमाला मंदिर में किसी एक व्यक्ति की ओर से दिया गया यह अब तक का सबसे बड़ा दान है।
कांची कामकोटि चिल्ड्स ट्रस्ट हॉस्पिटल की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, वर्धमान जैन को हेल्थकेयर बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (BPO), वित्तीय सेवाओं और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में काम करने का लंबा अनुभव है। वह एशिया इंजीनियरिंग के निदेशक भी हैं। इसके अलावा वह हेल्थकेयर और टेक्नोलॉजी सर्विस सेक्टर में कई वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं।
कौन हैं वर्धमान जैन?
वर्धमान जैन एक कारोबारी, टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ और बिजनेस लीडर हैं। उन्होंने एक्सेस हेल्थकेयर (Access Healthcare) की स्थापना की थी और फिलहाल कंपनी के वाइस चेयरमैन हैं। कंपनी को हेल्थकेयर आउटसोर्सिंग के क्षेत्र में एक बड़ी कंपनी बनाने में उनकी अहम भूमिका रही है। उन्होंने बिजनेस रणनीति, मुनाफा बढ़ाने और नई तकनीक के इस्तेमाल पर खास ध्यान दिया है।
एक्सेस हेल्थकेयर में जैन ने ऑटोमेशन से जुड़े कई बड़े प्लेटफॉर्म शुरू करने में भूमिका निभाई। इनमें ‘इको’ (echo) शामिल है जो रोबोटिक प्रोसेस ऑटोमेशन (RPA) पर काम करता है। इसके अलावा, ‘arc.in’ एक बिजनेस प्रोसेस मैनेजमेंट (BPM) प्लेटफॉर्म है।
अपने करियर के दौरान वर्धमान जैन डेल सर्विसेज बीपीओ (Dell Services BPO) के मैनेजिंग डायरेक्टर भी रह चुके हैं। इस पद पर उन्होंने दुनियाभर के 100 से ज्यादा क्लाइंट्स के लिए कामकाज संभाला। उस समय कंपनी में करीब 9000 कर्मचारी थे।
उन्होंने विजन हेल्थसोर्स (Vision Healthsource) नाम की हेल्थकेयर सर्विस कंपनी की सह-स्थापना भी की थी। बाद में इस कंपनी को पेरोट सिस्टम्स (Perot Systems) ने खरीद लिया था और इसे डेल के कारोबार में शामिल कर लिया गया।
वर्धमान जैन की पढ़ाई और टेक्नोलॉजी से जुड़ा अनुभव
वर्धमान जैन ने कंप्यूटर साइंस और स्टैटिस्टिक्स की पढ़ाई की है। उनके पास अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास, ऑस्टिन से कंप्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन की डिग्री है। इसके अलावा उन्होंने चेन्नई के लोयोला कॉलेज से स्टैटिस्टिक्स में भी डिग्री हासिल की है।
बिजनेस के अलावा उनकी दिलचस्पी टेक्नोलॉजी और नए इनोवेशन में भी रही है। मेडिकल इमेज प्रोसेसिंग और डेटा के इस्तेमाल से जुड़े उनके नाम कई पेटेंट भी हैं। हेल्थकेयर, टेक्नोलॉजी और वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में उनके अनुभव ने कारोबार को आधुनिक तकनीक के जरिए आगे बढ़ाने की उनकी सोच को आकार दिया है।
समाजसेवा और सामाजिक पहल
कारोबारी जिम्मेदारियों के अलावा वर्धमान जैन समाजसेवा और सामाजिक विकास से जुड़े कामों में भी सक्रिय हैं। वह श्री सरिता जैन फाउंडेशन ट्रस्ट के जरिए शिक्षा, जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों में सहयोग करते हैं।
उन्होंने ‘आविष्कार’ (Aavishkaar) नाम से एक कौशल विकास पहल भी शुरू की है। इसका मकसद आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को नए कौशल सीखने और आगे बढ़ने के अवसर देना है।
इसके अलावा, वह चेन्नई एंजल्स (Chennai Angels) के सदस्य के रूप में भारत के स्टार्टअप क्षेत्र को भी सहयोग देते हैं।
वर्धमान जैन ने तिरुमाला मंदिर में क्या दान किया?
वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने तिरुमाला मंदिर को 121 किलो सोने के आभूषण और हीरे दान किए हैं। यह दान 46 आभूषणों के रूप में है जिन्हें नौ सेट में तैयार किया गया है।
इसमें भगवान वेंकटेश्वर का श्रीवरु मुकुट, पद्म पादालु (भगवान के चरणों के आभूषण), कई तरह की सोने की चेन, रत्न और सोने से बना बाघ का नाखून शामिल है। दान में दिए गए हीरों का कुल वजन 238.2 कैरेट है।
कुल दान में से 106 किलो सोने के आभूषण भगवान वेंकटेश्वर को चढ़ाए गए हैं जबकि 15 किलो का सोने का वस्त्र देवी श्री पद्मावती अम्मावरु को भेंट किया गया है।
आधिकारिक घोषणा में इस पूरे दान की कीमत करीब 208 करोड़ रुपये बताई गई है। हालांकि कार्यक्रम के दौरान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इसकी कीमत करीब 206 करोड़ रुपये बताई थी।
मुख्यमंत्री ने जैन दंपति का आभार जताया और इस दान को तिरुमाला के इतिहास की एक बड़ी घटना बताया। उन्होंने विजयनगर साम्राज्य के राजा श्रीकृष्णदेवराय का भी जिक्र किया जिन्होंने मंदिर में कई कीमती आभूषण दान किए थे।
यह भी पढ़ें:टूट गया भारत का सपना, एशिया कप सेमीफाइनल में श्रीलंका ने बुरी तरह हराकर किया बाहर

Editor in Chief





















