छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: शहर को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर पालिक निगम की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। यदि नगर निगम द्वारा शहर के सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण, नाली निर्माण, पेयजल व्यवस्था अथवा अन्य जनहितकारी कार्य किए जा रहे हैं, तो नागरिकों को भी आगे आकर इन कार्यों में अपनी सकारात्मक सहभागिता निभानी चाहिए।
इसी भावना के साथ वरिष्ठ अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने जवाहरलाल नेहरू मार्ग (प्रचलित नाम – पावर हाउस रोड), कोरबा में सड़क किनारे रेलिंग पर बनाई जा रही आकर्षक 3D पेंटिंग में अपनी सहभागिता निभाई।
धनेश कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय जाते समय जब उनकी नजर जवाहरलाल नेहरू मार्ग (पावर हाउस रोड) पर रेलिंग में बनाई जा रही सुंदर 3D पेंटिंग पर पड़ी, तो वे उसे देखकर सहज ही रुक गए। पेंटिंग का कार्य इतना आकर्षक लगा कि उन्होंने भी इसमें अपनी ओर से सहभागिता निभाने का निर्णय लिया और स्वयं ब्रश उठाकर पेंटिंग में हाथ बंटाया।
उन्होंने कहा कि अक्सर हम शहर की अव्यवस्थाओं और कमियों को लेकर शिकायत करते हैं, जो एक जागरूक नागरिक के रूप में हमारा अधिकार भी है। लेकिन जब नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा शहर को सुंदर बनाने के लिए सकारात्मक प्रयास किए जाते हैं, तो उन प्रयासों की सराहना करने के साथ-साथ हमें भी सहयोग करना चाहिए। केवल आलोचना करने से शहर नहीं बदलता, बल्कि बदलाव के लिए नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए हमें कुछ छोटी-छोटी आदतों को अपने जीवन में शामिल करना होगा। सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर कचरा इधर-उधर न फेंकें। यदि कोई व्यक्ति ऐसा करता दिखाई दे, तो हम उसे रोकने के लिए भले ही बाध्य न कर सकें, लेकिन विनम्रता से इतना जरूर कह सकते हैं कि भैया, यहां कचरा मत फेंकिए। इसी तरह जहां नो पार्किंग का बोर्ड लगा हो, वहां वाहन खड़ा न करें और दूसरों को भी ऐसा करने से विनम्रतापूर्वक मना करें।
उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू मार्ग (पावर हाउस रोड) सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण, नाली निर्माण, सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्यों को सफल बनाने में आम नागरिकों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि यह शहर हमारा है और इसकी सुंदरता, स्वच्छता एवं व्यवस्था बनाए रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
शहर को बेहतर बनाने के लिए हर बार किसी बड़े अभियान की जरूरत नहीं होती, कभी-कभी एक छोटी-सी पहल भी बड़े बदलाव की शुरुआत बन सकती है।
यह भी पढ़ें: Korba: वरिष्ठ पत्रकार विनोद जायसवाल ने किया देहदान का संकल्प, मेडिकल कॉलेज कोरबा में पूरी की औपचारिकताएं

Editor in Chief





















