नई दिल्ली/स्वराज टुडे: राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में भारतीय टीम का सफर सेमीफाइनल में ही समाप्त हो गया। श्रीलंका ए के खिलाफ दोहा में खेले गए मुकाबले में इंडिया ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 317 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था।
वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई, जबकि मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने भी उपयोगी योगदान दिया। इसके बावजूद भारतीय टीम जीत हासिल नहीं कर सकी।
भारत की हार की सबसे बड़ी वजह श्रीलंका के सलामी बल्लेबाजों की दमदार पारियां रहीं। दोनों ने पहले विकेट के लिए बड़ी भागीदारी की और शतक भी जमाए, जिसने मुकाबले को भारत की पकड़ से दूर कर दिया।
वैभव और अभिषेक ने दिलाई तेज शुरुआत
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया ए को वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़े। वैभव ने 27 गेंदों में 40 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके और तीन छक्के शामिल रहे। वह एक बार फिर आक्रामक अंदाज में नजर आए, लेकिन अपनी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके।
दूसरी ओर अभिषेक शर्मा ने 63 गेंदों में 78 रन की पारी खेली। उन्होंने 11 चौके और एक छक्का लगाया। कप्तान तिलक वर्मा ने भी 66 गेंदों में 53 रन बनाए। लगातार अंतराल पर विकेट गिरने से भारत की पारी को वैसी गति नहीं मिल सकी, जिसकी उम्मीद थी। आखिरी ओवरों में शाहबाज अहमद ने नाबाद 54 रन बनाकर अहम योगदान दिया। उनकी पारी की बदौलत भारत 50 ओवर में आठ विकेट पर 317 रन तक पहुंच गया।
जयवर्धने और क्रूसपुले ने छीन ली भारत से जीत
318 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ए को सिनेथ जयवर्धने और लसिथ क्रूसपुले ने जबरदस्त शुरुआत दिलाई। दोनों ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और पहले विकेट के लिए 165 रन जोड़ दिए।
जयवर्धने ने 70 गेंदों में 105 रन बनाए, जबकि क्रूसपुले ने 107 गेंदों में 116 रन की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने शतक जड़कर भारत की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। शाहबाज अहमद ने जयवर्धने को और हर्षित राणा ने क्रूसपुले को आउट किया, लेकिन तब तक मुकाबला काफी आगे निकल चुका था।
इसके बाद निशान मधुशंका ने नाबाद 58 और पवन रत्नायके ने नाबाद 31 रन बनाकर श्रीलंका को जीत दिला दी। टीम ने 41.3 ओवर में दो विकेट पर 318 रन बना लिए। हार का साथ भारत का सपना टूट गया।
यह भी पढ़ें:शहर हमारा है, इसे सुंदर और स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी भी हमारी है – वरिष्ठ अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह
यह भी पढ़ें: Bhopal: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कुर्सी पर संकट के बादल, भोपाल से दिल्ली तक हलचल

Editor in Chief





















