छत्तीसगढ़
कोरबा/स्वराज टुडे: प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री गुरूनानक देव जी का जन्मोत्सव, 557 वां प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाने हेतु कार्यक्रम की रुपरेखा बनाने एवं सेवा कार्यो की जिम्मेदारी प्रदान करने के लिए पूज्य सिंधी पंचायत कोरबा एवं सभी सहयोगी संगठनों के साथ आमंत्रित सदस्यों की एक अहम बैठक दिनांक 14/11/2026 शनिवार को सिंधु भवन शहीद हेमू कालाणी नगर रानी रोड कोरबा में संपन्न हुई।
बैठक में पर्व हर्षोल्लास से मनाने हेतु कार्यक्रमों की रुपरेखा इस प्रकार से तय की गई है:-
आज से ही स्थानीय भाई बाजाराम दरबार साहिब में दस दिवसीय श्री पाठ साहेब प्रारंभ किया गया है जो कि 24 नवंबर गुरुनानक जयंती तक अनवरत जारी रहेगा जिसमें प्रतिदिन प्रातः काल व सांयकाल सत्संग के साथ आरती, अरदास व पल्लव का कार्यक्रम होता रहेगा।
इसके अलावा दिनांक – 22/11/2026 दिन – रविवार की प्रातः 05 बजे स्वामी भाई बाजाराम दरबार रानी रोड से संगीतमय प्रभात फेरी निकाली जाएगी जो कि आरती अरदास के साथ आरंभ होकर नगर के विभिन्न क्षेत्रों इतवारी बाजार,मेन रोड, रामसागर पारा, संत कंवर राम उद्यान होते हुए नगर भ्रमण व नगर-कीर्तन करते हुए वापस स्वामी भाई बाजाराम दरबार में विश्राम होगी।
उसी दिन शाम- 03 बजे से सिंधु महिला मंडल कोरबा द्वारा आयोजित कार्यक्रम सिंधु भवन में संपन्न होगे जिसमें विभिन्न प्रकार के प्रतियोगिताओं के कार्यक्रम रखे गए हैं।
श्री गुरूनानक देव जी का 557 वां प्रकाश पर्व
दिनांक – 24/11/2026 दिन -मंगलवार को मनाया जाएगा, जिसमें सर्वप्रथम प्रातः 11 बजे स्वामी भाई बाजाराम दरबार में चल रहे श्री पाठ साहेब का “भोग साहेब ” श्री भाई साहब नारायण दास जज्ञासी द्वारा पंचों के साथ भारी संख्या में श्रद्धालुओं की गरिमामय उपस्थिति में संपन्न कराया जायेगा।
जिसके फौरन बाद आम भंडारा दोपहर -01 बजे से 04 बजे तक स्थानीय सिंधु भवन में आयोजित किया जाएगा। जिसमें सजातीय बंधुओं के साथ बड़ी संख्या में सभी समाजों व वर्गों के श्रद्धालु जन गुरु का प्रसाद ग्रहण करेंगे।
रात्रि में पुनः भाई बाजाराम दरबार में शब्द कीर्तन,गुरु बाणी
रात्रि- 11 बजे सेआरंभ होगा जो कि श्री गुरूनानक देव जी के जन्म समय रात्रि 01:20 बजे तक चलेगा। जन्म समय पर जोरदार आतिशबाज़ी के साथ श्रद्धा भाव से गुरु के प्रकाश पर्व की खुशियां मनाईं जायेंगी।
पूज्य सिंधी पंचायत कोरबा के अध्यक्ष श्री अशोक चावलानी जी ने समाज के सभी बंधुओं से आग्रह किया है कि प्रकाश पर्व के समस्त कार्यक्रमों में सपरिवार उपस्थिति प्रदान कर गुरु दर की सेवा कर श्री गुरूनानक देव जी का आशीर्वाद प्राप्त करे।
बैठक में पंचायत के अध्यक्ष श्री अशोक चावलानी जी एवं संरक्षक श्री कंवरलाल मनवानी जी के जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर जन्मदिन की बधाई दी गई।
बैठक का संचालन उपाध्याय नरेश जगवानी ने किया एवं सचिव मनोज जेठानी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की। इस आशय की जानकारी एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से पंचायत के जनसंपर्क अधिकारी आनन्द बुधवानी ने दी।
यह भी पढ़ें: कोरबा में 18 नवम्बर को सजेगी कविता की महफिल, देशभर के कवि सुनाएंगे हास्य-व्यंग्य और गीत

Editor in Chief





















