उत्तरप्रदेश
प्रयागराज/स्वराज टुडे: ट्रिपलआईटी प्रयागराज के वैज्ञानिकों और विद्यार्थियों ने मिलकर एक ऐसी कार तैयार की है, जो जरूरत के अनुसार अपना आकार छोटा या बड़ा कर सकेगी। इस अनोखी रोबोटिक कार का प्रोटोटाइप तैयार कर लिया गया है।
इसे बनाने की तकनीकी के पेटेंट के लिए आवेदन किया गया है। इसकी खासियत यह है कि जरूरत पड़ने पर इसका ढांचा फैल जाएगा और संकरे रास्ते से गुजरने के लिए अपने आप छोटा भी हो सकेगा।
आईटी ब्रांच के डॉ. सूर्य प्रकाश के निर्देशन में बीटेक की दीया दत्ता, कशिश जाधव ने इस तकनीक को विकसित किया है। इस कार को स्वेर्व ड्राइव नाम दिया गया है। इसे खासतौर पर ऐसे रास्तों पर चलने के लिए तैयार किया गया है, जहां सामान्य वाहन पहुंचने में सक्षम नहीं होते। इसमें कैंची की तरह खुलने और बंद होने वाली तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इस तकनीक की मदद से वाहन का ढांचा जरूरत के अनुसार फैल और सिकुड़ सकता है। जब इसे अधिक सामान या उपकरण लेकर चलना होगा तो इसका आकार बड़ा किया जा सकेगा। इससे सामान रखने की जगह भी बढ़ जाएगी। वहीं, संकरे रास्तों या कम जगह वाले स्थानों से गुजरने के दौरान इसका ढांचा छोटा किया जा सकेगा।
पहियों की खासियत
इस वाहन की दूसरी बड़ी खासियत इसके पहिए हैं। इसमें पहियों को अलग-अलग दिशा में घुमाया जा सकता है। इससे वाहन को मोड़ने और दिशा बदलने में आसानी होगी। सामान्य गाड़ियों की तरह केवल आगे और पीछे चलने के बजाय यह सीमित जगह में भी बेहतर तरीके से घूम सकेगा। पहियों की इस व्यवस्था से ऊबड़-खाबड़ रास्तों, पहाड़ी क्षेत्रों और ढलानों पर भी इसकी आवाजाही आसान बनाने का लक्ष्य है। डॉ. सूर्य प्रकाश ने बताया कि इस तकनीक का सबसे अधिक फायदा आपदा के समय मिल सकता है। भूकंप, बाढ़, भूस्खलन या अन्य दुर्घटनाओं के दौरान कई बार राहत और बचाव दल सामान्य वाहनों के साथ प्रभावित स्थानों तक नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे में यह रोबोटिक वाहन संकरे रास्तों से गुजरकर मदद पहुंचाने में सक्षम होंगे।
यह भी पढ़ें: Rampur(UP): CRPF कैंप आतंकी हमले में बरी हुए मोहम्मद शरीफ की हत्या, बदमाशों ने मारी गोली
यह भी पढ़ें: दिवाली मनाने घर लौटे राष्ट्रपति अंगरक्षक के जवान सौरभ तोमर के सिर पर लगी गोली, हालत गंभीर

Editor in Chief




















