हैदराबाद/स्वराज टुडे: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक ऐसी घटना सामने आई हैं जिसके बारे में जानकर आपका भी रिश्तों से विश्वास उठ जाएगा। यहां एक पति ने ही पत्नी का गैंगरेप करवाया है। जी हां यहां म्यांमार की रहने वाली एक 18 वर्षीय युवती ने अपने ही पति पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं, युवती की शिकायत के अनुसार, उसका पति उसे एक किराए के मकान में बाहर से ताला लगाकर बंद कर देता था और फिर अपने दोस्तों को वहां भेजकर उसका यौन उत्पीड़न करवाता था। यह खौफनाक मामला तब उजागर हुआ जब मकान मालिक बकाया किराया वसूलने के लिए वहां पहुंचा।
निकाह किया था
मीडिया रिपोटर्स की माने तो पीड़िता हुमैरा तमन्ना ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मूल रूप से म्यांमार की निवासी है और कुछ समय पहले बांग्लादेश के कॉक्स बाजार में रह रही थी। वहीं उसकी मुलाकात मोहम्मद फयाज नाम के व्यक्ति से हुई, फयाज ने उसे शादी का झांसा दिया और मई महीने में उसके परिवार को बिना बताए उसे भारत ले आया। हैदराबाद पहुंचने के करीब तीन-चार दिन बाद दोनों ने निकाह कर लिया।
दोस्तों से करवाया गैंगरेप
पीड़िता के मुताबिक, शादी के करीब एक महीने बाद उसके पति के व्यवहार में बदलाव आ गया। फयाज अपने तीन दोस्तों अहमद मुजीब, नूर कमाल और जिया-उर-रहमान को अपने किराए के मकान में रहने के लिए ले आया, ये तीनों भी म्यांमार के ही मूल निवासी बताए गए हैं, जो फिलहाल हैदराबाद में रह रहे थे। इसके बाद पीड़िता पर अत्याचार का दौर शुरू हो गया। फयाज अक्सर घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगाकर चला जाता था, उसकी गैरमौजूदगी में उसके तीनों दोस्त घर में दाखिल होते थे और युवती के साथ यौन उत्पीड़न करते थे।
मकान मालिक ने ताला तोड़ा
23 अक्टूबर को जब मकान मालिक बकाया किराया मांगने वहां पहुंचा, तो घर पर बाहर से ताला लटका मिला। जब काफी देर तक कोई दरवाजा खोलने नहीं आया, तो मकान मालिक ने ताला तोड़ दिया। ताला टूटते ही युवती उस बंद मकान के चंगुल से बाहर निकल सकी। आजाद होने के बाद पीड़िता ने किसी तरह एक अन्य व्यक्ति का मोबाइल फोन मांगकर बांग्लादेश में अपने परिवार से संपर्क किया। जानकारी मिलने पर परिवार ने हैदराबाद में रह रहे अपने एक रिश्तेदार मोहम्मद रशीद से संपर्क साधा, जो युवती को अपने घर ले आए, इसके बाद 26 अक्टूबर को रिश्तेदार रशीद पीड़िता को लेकर नजदीकी पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां युवती ने आपबीती सुनाते हुए औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें: खादी विभाग में 12000 से अधिक पदों पर निकली भर्ती,10वीं पास के लिए भी मौका, आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026

Editor in Chief

